ठाणे के ऑटो ड्राइवर से महाराष्ट्र के सीएम तक, जानें कितनी संपत्ति के मालिक हैं एकनाथ शिंदे
मुंबई, 30 जून: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के तौर पर एकनाथ शिंदे ने पद की शपथ ली है। बीजेपी नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे के नाम का ऐलान करके सबको चौंका दिया। महाराष्ट्र सरकार में दो बार मंत्री रहने वाले शिंदे अब महाराष्ट्र के मुखिया होंगे। ऐसे में जानिए महाराष्ट्र के नए कप्तान एकनाथ शिंदे कौन हैं और कितनी संपत्ति के मालिक हैं?

11वीं पास शिंदे चलाते थे ऑटो रिक्शा
कभी महाराष्ट्र में ऑटो चलाने वाले एकनाथ शिंदे अब पूरे राज्य की कमान संभालेंगे। 9 फरवरी 1964 को जन्मे एकनाथ शिंदे सतारा जिले के पहाड़ी जवाली से आते हैं। 1981 में उन्होंने न्यू इंग्लिश हाई स्कूल ठाणे से 11वीं पास की। इसके बाद उन्होंने ऑटो रिक्शा चलाकर अपना गुजरा किया। ऑटो रिक्शा चलाते-चलाते वो 80 के दशक में शिवसेना की विचारधारा से जुड़ गए और एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन का काम करने लगे।

1997 में पार्षद बने और 2004 में पहले बार MLA
मौजूदा वक्त में मुंबई से सटे ठागे जिले के सबसे ताकतवर नेता एकनाथ शिंदे ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत 1997 में पार्षद के तौर पर की थी। इसके बाद साल 2001 में वो ठागे महानगर निगम के विपक्ष के नेता बने। फिर अगले साल यानी 2002 में दूसरी बार पार्षद चुने गए। पार्षद का कार्यकाल पूरा भी ना कर पाए शिंदे और फिर दो साल बाद 2004 में ठाणे से पहली बार विधायक बने।

4 बार विधायक, दो बार मंत्री और अब सीएम
इसके बाद ठाणे की कोपरी पछपाखडी सीट से शिंदे लगातार 3 बार जीतकर विधानसभा पहुंचे। 2009, 2014 और 2019 में शिंदे ने लगातार अपनी जीत कायम रखी। इसके बाद पहली बार 2014 में मंत्री बने। देवेंद्र फडणवीस सरकार में शिंदे राज्य के लोक निर्माण मंत्री रहे। और फिर महाविकास अघाड़ी सरकार में उनको शहरी विकास मंत्री बने। अब शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए हैं।

जानिए कितनी हैं शिंदे की कुल संपत्ति?
साल 2019 में विधानसभा चुनाव के दौरान दिए अपने हलफनामे के मुताबिक नए सीएम एकनाथ शिंदे के पास कुल 11 करोड़ 56 लाख से ज्यादा की संपत्ति है। इसमें 2.10 करोड़ से ज्यादा की चल और 9.45 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति घोषित की गई थी। इसी के साथ शिंदे को की 3 कोड़ 74 लाख की देनदारियां भी है। इसके साथ ही एकनाथ शिंदे के पास कुल छह कार हैं। इनमें से तीन शिंदे के नाम और तीन उनकी पत्नी के नाम पर हैं। वहीं उनके ऊपर कुल 18 आपराधिक मामले चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications