Maharashtra BJP President: कौन हैं रविंद्र चव्हाण? जिनका महाराष्ट्र BJP प्रदेश अध्यक्ष बनना तय है
Maharashtra BJP New President: महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। इस पद के लिए रविंद्र चव्हाण ने अपना आवेदन दाखिल किया है। आवेदन दाखिल करते समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और राज्य के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे। नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा 1 जुलाई की शाम को होने की संभावना है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "राज्य के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी यहां उपस्थित हैं। हमने उनके समक्ष रविंद्र चव्हाण का प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। रविंद्र चव्हाण पहले मंत्री थे और उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद वे नगरसेवक और फिर विधायक बने। आज, हम उनका प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन दाखिल कर रहे हैं।"

बता दें चंद्रशेखर बावनकुले महाराष्ट्र अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अभी तक संभाल रहे हैं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्र बनाए जाने के बाद उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से लंबित थी। लेकिन आज महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए नांमांकन रविंद्र चाव्हाण ने कर दिया है जिसके बाद उनका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनना तय है।
कल शाम होगी आधिकारिक घोषणा
फडणवीस ने कहा, "पिछले कार्यकाल में चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने संगठन को अच्छी तरह से मजबूत किया, जिसका परिणाम विधानसभा चुनावों में दिखाई दिया। इसके बाद रविंद्र चव्हाण ने कार्याध्यक्ष के रूप में काम किया। आज हमने उनका आवेदन दाखिल किया है। कल शाम को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।"
कौन हैं रविंद्र चव्हाण? जानिए राजनीतिक सफर
रविंद्र चव्हाण पिछले 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं। साल 2002 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा, कल्याण जिला के उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।
- साल 2005 में वे कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के स्वातंत्र्यवीर सावरकर रोड वार्ड से नगरसेवक (पार्षद) के रूप में विजयी हुए।
- साल 2007 में रविंद्र चव्हाण ने कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका के नगरसेवक चुने गए थे। 2007 में, जब कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, तब वे भाजपा नगरसेवक होते हुए भी स्थायी समिति के सभापति बने।
- साल 2009 में, भाजपा ने तत्कालीन विधायक हरिश्चंद्र पाटिल का टिकट काटकर रविंद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया और उन्होंने पार्टी के विश्वास को सही साबित किया। वे 2009 में पहली बार विधानसभा के लिए चुने गए थे।
- साल 2014 में वे दूसरी बार विधायक बने। 2015-16 में कल्याण डोंबिवली, मीरा भाईंदर, उल्हासनगर, ठाणे, पनवेल महानगरपालिकाओं में भाजपा का दबदबा रहा।
- कर्जत, माथेरान और बदलापुर में भी भाजपा ने अच्छी सफलता हासिल की। इसके चलते उन्हें राज्यमंत्री का पद मिला। वे रायगढ़ और पालघर के पालकमंत्री भी रहे।
- साल 2019 में वे तीसरी बार विधायक बने।
- महाराष्ट्र में हिंदी थोपने के आरोप पर झुकी फडणवीस सरकार, थ्री-लैंग्वेज पॉलिसी लागू करने का फैसला लिया वापस
शिंदे-भाजपा सरकार को सत्ता में लाने में निभाई थी अहम भूमिका
2021 में शिंदे-भाजपा सरकार को सत्ता में लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। 2021 में रविंद्र चव्हाण को कैबिनेट मंत्री के रूप में चुना गया और उन्हें सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का प्रभार दिया गया। उन्होंने सिंधुदुर्ग के पालकमंत्री के रूप में भी कार्यभार संभाला। 2024 में वे चौथी बार डोंबिवली से विधायक बने। अब उनके महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications