महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की महा हार के बाद रार, अगला चुनाव अकेले लड़ेगी UBT!
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में करारी हार के बाद महा विकास अघाड़ी में रार हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) विधायक अंबादास दानवे ने कहा कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि आगामी महाराष्ट्र चुनाव अपने दम पर लड़ें।
महाराष्ट्र में महायुति सरकार बन गई है। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 2 दिसंबर को संभावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है। इधर, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में करारी हार के बाद महा विकास अघाड़ी के घटलों दलों में हार पर मंथन चल रहा है। इस बीच एमवीए का हिस्सा शिवसेना (यूबीटी) विधायक अंबादास दानवे ने संकेत दिए हैं कि अगला विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी अकेले लड़ सकती है।

महा विकास अघाड़ी के दल शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और कांग्रेस अपने-अपने नवनिर्वाचित विधायक व हार हुए प्रत्याशियों से चर्चा कर रही हैं। विधायक अंबादास दानवे ने बुधवार को कहा कि कुछ दिन पहले पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें पार्टी के कुछ नेताओं ने आगामी चुनाव अकेले लड़ने की मांग की।
विधायक अंबादास दानवे ने यह भी कहा कि शिवसेना (यूबीटी) आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी या गठबंधन का हिस्सा बनकर? इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। यह मांग इसलिए उठी कि चुनाव नतीजों के बाद बैठक में पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि पहले लोकसभा चुनाव और अब विधानसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दलों का सहयोग नहीं मिला।
नेताओं ने यह भी कहा कि इसी वजह से शिवसेना (यूबीटी) को अगले चुनाव अकेले लड़ने के बारे में सोचना चाहिए। विधायक अंबादास दानवे के बयान के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी है कि क्या आगामी महानगरपालिका के चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) अकेले चुनाव लड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को मतदान हुआ। 66.05% मतदाताओं ने वोट डाले। 23 नवंबर 2024 को महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे आए। महायुति में भाजपा ने 132, शिवसेना (शिंदे) ने 57, एनसीपी (अजित पवार) ने 41 व महा विकास अघाड़ी में शिवसेना यूबीटी ने 20, कांग्रेस ने 16 और एनसीपी शरद पवार ने 10 सीटें जीतीं।












Click it and Unblock the Notifications