Lok Sabha Polls: कौन हैं उज्जवल निकम? जिन्हें BJP ने उत्तरी मुंबई से बनाया उम्मीदवार
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान पूरे हो चुके हैं। अब 5 चरणों के मतदान शेष बचे हैं। जिसको लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में, भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) ने मुंबई उत्तर मध्य से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है।
पार्टी ने इस बार सांसद पूनम महाजन का नाम काटकर उज्ज्वल निकम को चुनावी रण में उतारा है। निकम की टक्कर मुंबई उत्तर मध्य निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से होगी। आइए जानते हैं निकम कौन हैं?

26/11 मुंबई आतंकी हमले के सरकारी वकील उज्ज्वल निकम किसी पहचान के मोहताज नहीं है। यह वही, वकील हैं, जिन्होंने मुंबई हमले के मुख्य आतंकी अजमल कसाब को फांसी की सजा दिलाने का काम किया था। उज्ज्वल निकम, अपने लंबे और शानदार लॉ करियर में, 1993 बॉम्बे बम विस्फोट, गुलशन कुमार हत्याकांड, प्रमोद महाजन हत्या केस और 2008 मुंबई हमलों सहित कई मामलों में सुर्खियों में रहे। वह 2013 मुंबई सामूहिक बलात्कार मामले में विशेष लोक अभियोजक भी थे। उज्जवल निकम को 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
निकम के साथ इनके नामों पर भी हुआ था मंथन
उज्जवल निकम जलगांव से हैं और पिछले चुनाव में बीजेपी उन्हें जलगांव से उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही थी। बीजेपी ने मौजूदा सांसद पूनम महाजन का नाम हटाकर निकम का नाम आगे किया है। मुंबई बीजेपी प्रमुख आशीष शेलार के नाम पर भी चर्चा हो रही थी, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस सीट के लिए बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित से भी संपर्क किया गया था। मुंबई में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है।
क्यों कटा महाजन का नाम?
मौजूदा सांसद पूनम महाजन का नाम काटने के पीछे कई चुनाव सर्वेक्षणों में उनके लिए नकारात्मक रेटिंग है। पूनम महाजन ने 2014 और 2019 में कांग्रेस की प्रिया दत्त को हराकर यह सीट जीती, जो 2009 से 2014 तक सांसद थीं। यह वह सीट है, जहां 2009 में वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन वह प्रिया दत्त से हार गए थे।












Click it and Unblock the Notifications