कुणाल कामरा विवाद: जहां कॉमेडियन ने शिंदे पर की टिप्पणी, उस हैबिटेट स्टूडियो पर चला BMC का हथौड़ा!
Kunal Kamra controversy: कॉमेडियन कुणाल कामरा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ 'अपमानजनक कॉमेडी' करने को लेकर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने कथित तौर पर एकनाथ शिंदे 'गद्दार' कहा है। कुणाल कामरा ने जिस हैबिटेट स्टूडियो में शिंदे पर मजाक करने वाला शो किया था...वहां सोमवार 24 मार्च दोपहर में बीएमसी की टीम को देखा गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के कर्मचारी हैबिटेट क्लब में खार स्थित अवैध रूप से निर्मित जगह को ध्वस्त करने के लिए पहुंचे हैं।
बीएमसी के कर्मचारी सोमवार को हैबिटेट स्टूडियो पहुंचे और नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कार्यक्रम स्थल के कुछ हिस्सों को तोड़ना शुरू कर दिया। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पहले ही कहा था कि उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त से खार स्थित स्टूडियो के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है, जिसे वे अवैध बताते हैं।

हालांकि बीएमसी की टीम के पहुंचने से पहले हैबिटेट स्टूडियो ने अपना बयान जारी करते हुए कहा था कि वो अनिश्चित काल के लिए अपना स्टूडियो बंद कर रहे हैं। कामरा के शो का वीडियो वायरल होने के बाद युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो में जाकर तोड़फोड़ की थी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कॉमेडियन कुणाल कामरा के 'अपमानजनक कटाक्ष' को लेकर शिवसेना की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं द्वारा मुंबई स्थित एक स्टूडियो में तोड़फोड़ करने के कुछ घंटों बाद, सोमवार को प्रतिष्ठान ने अपना दरवाजा बंद कर दिया। कामरा के शो का वीडियो वायरल होने के बाद युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो को निशाना बनाया। यह क्लिप 45 मिनट के वीडियो 'नया भारत' का हिस्सा है, जिसे कामरा ने रविवार को अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था।
हैबिटेट स्टूडियो ने बयान जारी कर क्या कहा?
मुंबई में प्रदर्शन और कार्यक्रम स्थल हैबिटेट स्टूडियो ने सोमवार को घोषणा की कि वे अपना स्टूडियो बंद कर रहे हैं। सोमवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में, स्टूडियो ने कहा, "हम हाल ही में हमें निशाना बनाकर की गई तोड़फोड़ की घटनाओं से स्तब्ध, चिंतित और बेहद टूटे हुए हैं।"
स्टूडियो ने कहा कि कलाकार "अपने विचारों और रचनात्मक विकल्पों के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार हैं और वे कभी भी उनके द्वारा प्रस्तुत की गई सामग्री में शामिल नहीं रहे हैं। लेकिन हाल की घटनाओं ने हमें इस बारे में फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे हमें हर बार दोषी ठहराया जाता है और निशाना बनाया जाता है, जैसे कि हम कलाकार के प्रतिनिधि हों। हम इसे तब-तक बंद रखेंगे जब तक हम खुद को और अपनी संपत्ति को खतरे में डाले बिना मुक्त अभिव्यक्ति के लिए एक मंच प्रदान करने का सबसे अच्छा तरीका नहीं खोज लेते।''
स्टूडियो ने आगे कहा, ''हम सभी कलाकारों, दर्शकों और हितधारकों को चर्चा करने और अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित करते हैं और आपके मार्गदर्शन का अनुरोध करते हैं ताकि हम कलाकारों के अधिकारों का भी सम्मान कर सकें।''
हैबिटेट स्टूडियो ने पहले मांगी थी माफी
सोमवार को एक पिछली पोस्ट में हैबिटेट स्टूडियो ने "इस वीडियो से आहत सभी लोगों" से माफी मांगी। उन्होंने कहा था, "हैबिटेट कुणाल कामरा के हालिया वीडियो के निर्माण में किसी तरह से शामिल नहीं है और यह इसके द्वारा व्यक्त किए गए विचारों का समर्थन नहीं करता है।"
हैबिटेट स्टूडियो, जहां कामरा का शो आयोजित किया गया था, वही स्थान है जहां विवादास्पद 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो फिल्माया गया था और पिछले महीने बड़ा विवाद हुआ था। रविवार रात बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता होटल यूनिकॉन्टिनेंटल के बाहर एकत्र हुए, जहां स्टूडियो स्थित है।
मुंबई पुलिस ने कहा कि उन्होंने कथित तौर पर स्टूडियो और होटल परिसर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने सोमवार को कामरा के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने खार स्थित कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर तोड़फोड़ करने के लिए लगभग 40 शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला भी दर्ज किया।''












Click it and Unblock the Notifications