Kunal Kamra Controversy: एकनाथ शिंदे ने 'खुद्दारी' की बात करके कैसे उद्धव और MVA सभी को लपेट लिया?
Kunal Kamra Controversy: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने बुधवार को विधान परिषद में बयान दिया कि जनता ने तय कर दिया है कि कौन 'गद्दार' है और कौन 'खुद्दार'। यह बयान उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के तंज के जवाब में दिया, लेकिन एक तीर से राजनीतिक विरोधियों पर भी जोरदार तरीके से निशाना साध दिया।
शिंदे के इस बयान से साफ हो गया कि वे केवल कामरा को ही जवाब नहीं दे रहे थे, बल्कि उन्होंने उद्धव ठाकरे और पूरी महा विकास अघाड़ी (MVA) पर भी पलटवार किया है।

Kunal Kamra Controversy: गद्दार और खुद्दार के जरिए शिंदे का जोरदार पलटवार
एकनाथ शिंदे ने अपने भाषण में विपक्ष (MVA)पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी अभिव्यक्ति की आजादी (Free Speech) को दबाया था, वे अब इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से उद्धव ठाकरे और उनकी शिवसेना (UBT) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आईने में देखकर कोई किसी की वंशावली नहीं बना सकता।
शिंदे का यह बयान सीधे तौर पर 2022 में हुई शिवसेना की बगावत और उसके बाद हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों की ओर इशारा करता है। 2022 में शिंदे ने उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना से बगावत कर बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।
इसके बाद हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पिछले साल शिंदे की शिवसेना को 288 में से 57 सीटें मिलीं, जबकि उद्धव गुट को केवल 20 सीटों पर ही सिमटना पड़ गया।
Kunal Kamra Controversy Eknath Shinde: 'कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड' दुष्प्रचार पर शिंदे का प्रहार!
शिंदे ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ चाहे कितने भी 'कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड' दुष्प्रचार किए जाएं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका इशारा इस बात की ओर था कि विपक्ष (MVA) योजनाबद्ध तरीके से उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए कुणाल कामरा जैसे लोगों की सेवाएं ली जा रही हैं।
Maharashtra Politics: विवाद की जड़: कुणाल कामरा की आपत्तिजनक टिप्पणी
कुणाल कामरा ने अपने नए स्टैंडअप शो 'नया भारत' में एकनाथ शिंदे पर परोक्ष रूप से कटाक्ष किया था। अपने प्रोग्राम के दौरान उन्होंने एक पैरोडी सॉन्ग के जरिए शिंदे को 'गद्दार' कहा, हालांकि उन्होंने नाम नहीं लिया। यह टिप्पणी इस संदर्भ में थी कि शिंदे ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अलग होकर बीजेपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाई थी।
कामरा की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिवसेना के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। गुस्साए शिवसैनिकों ने मुंबई के खार में उस स्टूडियो 'हैबिटैट' में तोड़फोड़ की, जहां कामरा का शो हुआ था। इसके अलावा, उनके खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज करवाई गईं।
Kunal Kamra Controversy Eknath Shinde: अभिव्यक्ति की आजादी बनाम किसी को अपमानित करने की हरकत
हालांकि, इन घटनाओं के बावजूद कुणाल कामरा ने अपने बयान से पीछे हटने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर रहे हैं और नेताओं की आलोचना करना कोई अपराध नहीं है। कामरा ने इसे लोकतंत्र का हिस्सा बताया और कहा, 'जितना मैं जानता हूं, नेताओं और हमारे राजनीतिक सिस्टम की आलोचना करना गैरकानूनी नहीं है।'
इसके जवाब में एकनाथ शिंदे ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी की भी एक सीमा होती है। उन्होंने कहा, 'हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को समझते हैं और व्यंग्य को भी, लेकिन इसकी एक सीमा होनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा कि कामरा का यह कटाक्ष उनके खिलाफ 'सुपारी' लेकर बोलने जैसा है।
शिंदे ने इस बयान के जरिए ना सिर्फ कामरा को जवाब दिया है, बल्कि महा विकास अघाड़ी के उन दलों को भी कठघरे में खड़ा कर दिया जो उनके खिलाफ 'गद्दार' शब्द का इस्तेमाल करते रहे हैं। उनका कहना था कि जनता ने 2024 के चुनावों में अपना फैसला दे दिया है और अब यह बहस निरर्थक हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications