कत्ल की वजह सिर्फ हेयर विग? केतन के पिता के बयान से मर्डर केस में नया मोड़, सिया के पैच वाले दावे की खुली पोल!
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर गुजरते दिन के साथ ऐसी अजीबोगरीब और चौंकाने वाली थ्योरीज सामने आ रही हैं, जिसने पुलिस से लेकर आम जनता तक को हैरान कर दिया है। इस मर्डर केस में एक नया एंगल यह आया था कि मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल उसे इसलिए नापसंद करती थी क्योंकि केतन सिर पर बालों का पैच यानी विग लगाता था।
हालांकि पुलिस और केतन के परिवार ने इस अजीब दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अब पुलिस और केतन के पिता का 'हेयर विग' वाले दावे पर बयान सामने आया है।

केतन अग्रवाल के पिता ने 'हेयर विग' वाले मामले पर क्या कहा?
इस अजीबोगरीब थ्योरी पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मीडिया के सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बेहद दुखी मन से कहा कि हमारे परिवार ने शुरू से ही सब कुछ साफ रखा था। विशाल अग्रवाल ने कहा,
"यह सच है कि केतन सिर पर एक छोटा सा विग पैच लगाता था। लेकिन सगाई होने से पहले ही हमने सिया और उसके पूरे परिवार को इस बारे में पूरी जानकारी दे दी थी। हमने कुछ भी नहीं छिपाया। अगर सिया को इस बात से कोई दिक्कत थी या केतन पसंद नहीं था, तो वह सगाई के लिए मना कर सकती थी। शादी से इनकार करने के बजाय मेरे मासूम बेटे की जान लेने की क्या जरूरत थी?"
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सिया को इससे कोई परेशानी थी तो वह शादी से इनकार कर सकती थी। उन्होंने कहा, "क्या किसी हेयर पैच की वजह से किसी की जान लेना सही ठहराया जा सकता है?"
पुलिस अधिकारियों का भी यही मानना है कि असली वजह सिया का उसके प्रेमी चेतन चौधरी के साथ रिश्ता था। दोनों केतन को अपने प्यार के बीच का कांटा मान रहे थे और चेतन ही लगातार सिया को उकसा रहा था कि केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया जाए। सिर्फ विग की वजह से सिया ने केतन का कत्ल नहीं किया है। हाल ऐसा हो सकता है कि हेयर विंग केतन को नापसंद करने की बहुत बड़ी वजह हो सकती है।

पुलिस की जांच किस दिशा में बढ़ रही है?
जांच अधिकारियों का दावा है कि सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी अक्टूबर 2025 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस का आरोप है कि दोनों के बीच हजारों बार फोन पर बातचीत हुई और शादी से पहले केतन को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची गई।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों एक-दूसरे पर इस योजना का मास्टरमाइंड होने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इन बयानों की स्वतंत्र जांच की जा रही है और इन्हें अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, उज्ज्वल निकम होंगे वकील
इस बीच इस दर्दनाक घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार (26 जून) को पुणे में केतन के पिता विशाल अग्रवाल से मुलाकात की। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने परिवार की मांग को तुरंत स्वीकार करते हुए ऐलान किया कि इस केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी ताकि जल्द से जल्द इंसाफ मिल सके। इसके साथ ही सरकार ने देश के मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम को इस केस के लिए स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर नियुक्त करने का फैसला किया है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक क्राइम का मामला नहीं है, बल्कि एक गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है कि अच्छे और पढ़े-लिखे परिवारों के युवाओं में इस तरह की खतरनाक और आपराधिक सोच क्यों पनप रही है।

पासपोर्ट चोरी से लेकर 'सांप' का नाटक, केतन अग्रवाल हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि केतन को ठिकाने लगाने के लिए सिया और चेतन पिछले कई हफ्तों से जाल बुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई ऐसी चालें चलीं जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती हैं।
- 31 मई (कत्ल का पहला ख्याल): 11 फरवरी को सगाई के बाद केतन अक्सर सिया को घुमाने ले जाता था। केतन को ट्रैकिंग का शौक था, इसलिए वह सिया को लोहगढ़ किले पर ले गया। वहां सबसे ऊंची चोटी पर केतन को खतरनाक जगह बैठा देख सिया के मन में पहली बार उसे धक्का देकर मारने का आइडिया आया।
- 5 जून (पासपोर्ट की चोरी और बाली ट्रिप कैंसिल): 6 जून को केतन, उसकी बहन, एक दोस्त और सिया का इंडोनेशिया के बाली जाने का प्री-वेडिंग ट्रिप बुक था। लेकिन सिया केतन के साथ नहीं जाना चाहती थी। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल के मुताबिक, सिया ने चुपके से केतन का पासपोर्ट अपने पास छिपा लिया ताकि ट्रिप कैंसिल हो जाए और उसने घर पर बहाना बना दिया।
- 14 जून (दूसरा प्रयास और सांप का बहाना): सिया दोबारा केतन को किले पर ले गई। वहां उसने केतन को पीछे से धक्का भी दे दिया था, लेकिन खुशकिस्मती से केतन एक पेड़ के सहारे अटक गया। जब केतन ने पूछा कि धक्का क्यों दिया, तो सिया ने नाटक करते हुए कहा, "वहां एक सांप था, तुम्हें बचाने के लिए मैंने ऐसा किया।" मासूम केतन ने घर आकर सबको बताया कि सिया ने उसकी जान बचाई।
- 18 जून (तीसरी कोशिश में मौत): 19 जून को सिया का जन्मदिन था, जिसके लिए केतन ने महाबलेश्वर में एक लग्जरी रिजॉर्ट बुक किया था। लेकिन सिया ने प्री-वेडिंग शूट का बहाना बनाकर उसे फिर लोहगढ़ बुलाया। इस बार चेतन भी वहां छुपा था और दोनों ने मिलकर केतन को 400 फीट नीचे ढकेल दिया।

कत्ल के बाद सिया के चेहरे पर नहीं था कोई पछतावा
इस वारदात के बाद एक और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। लोहगढ़ किले की गहरी खाई से केतन के शव को बाहर निकालने में मदद करने वाले स्थानीय निवासी सुनील गायकवाड़ ने एक बड़ा खुलासा किया है।
सुनील ने बताया कि जब यह घटना हुई, तो आसपास के लोग बुरी तरह घबराए हुए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे। लेकिन केतन की मंगेतर सिया गोयल वहां बिल्कुल शांत खड़ी थी।
उसके चेहरे पर न तो कोई घबराहट थी, न वह रो रही थी और न ही उसके चेहरे पर अपने मंगेतर को खोने का कोई अफसोस या पछतावा दिख रहा था। हालांकि, किले के गार्ड धीरज जाधव ने बताया कि उसने शुरू में सिया और चेतन के चिल्लाने की आवाज सुनकर ही पुलिस को खबर दी थी, जिसे पुलिस अब सिया का एक सोची-समझी नाटक मानकर चल रही है।
सीक्रेट लव अफेयर: सालभर में 2,000 से ज्यादा कॉल्स
पुलिस ने जब सिया और चेतन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) खंगाले, तो दोनों के काले कारनामों की पूरी पोल खुल गई। दोनों अक्टूबर 2025 से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे और पिछले एक साल के भीतर दोनों ने चोरी-छिपे 2,000 से ज्यादा बार फोन पर बात की थी।
जब पुलिस ने दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की, तो दोनों का कथित प्यार हवा हो गया। चेतन ने पुलिस से कहा कि वह सिर्फ सिया के साथ भागना चाहता था, लेकिन सिया ने ही जिद की कि केतन को मारना पड़ेगा। वहीं सिया ने पलटवार करते हुए कहा कि मर्डर का पूरा आइडिया चेतन का था और 14 जून को जब केतन बच गया था, तो चेतन उसके सामने रोया था कि प्लान फेल हो गया। पुलिस इन बयानों को आरोपियों की खुद को बचाने की चाल मान रही है।
शादियों के खर्चों और तारीखों पर सिया के परिवार का दावा
दूसरी तरफ सिया के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी इस शादी से खुश थी और उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी है, तो उसे भी कानूनन उसी किले से नीचे फेंक देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 18 जून को सिया किले पर जाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन केतन और उसकी मां के बार-बार फोन करने पर वह गई थी।
वहीं सिया के पिता प्रवीण गोयल ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज किया, जिनमें भव्य पैलेस और चार्टर्ड प्लेन बुक करने के दावे किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि शादी उदयपुर में ही होनी थी, जहां ₹81,000 प्रतिदिन के हिसाब से 70 कमरे बुक किए गए थे और पूरी शादी का बजट ₹3 करोड़ से ज्यादा नहीं था। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और फॉरेंसिक टीम सबूतों को पुख्ता करने में जुटी है।















Click it and Unblock the Notifications