शरद पवार की आवाज में मंत्रालय और अधिकारियों को ट्रांसफर के लिए फोन करने वाला शख्स गिरफ्तार
मुंबई, 13 अगस्त। मुंबई पुलिस ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार की आवाज निकाल कर अधिकारियों को फोन करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किया गए व्यक्ति ने राकांपा प्रमुख शरद पवार की आवाज की नकल करने के लिए एक स्पूफ-कॉल ऐप का इस्तेमाल किया और ट्रांसफर से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मुंबई के मंत्रालय में राजस्व विभाग के एक अधिकारी से बात की।

मुंबई पुलिस ने बताया महाराष्ट्र सरकार के मुख्यालय मंत्रालय में एक वरिष्ठ अधिकारी को फोन करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गामदेवी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने राकांपा प्रमुख शरद पवार की आवाज की नकल करते हुए तबादलों को लेकर बुधवार को राजस्व विभाग के एक अधिकारी को फोन किया। ध्यान रहे एनसीपी महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार का हिस्सा है।
कॉल रिसीव करने वाले अधिकारी को संदेह हुआ और उन्होंने पवार के आवास सिल्वर ओक को फोन किया, जहां उन्हें बताया गया कि पवार या किसी और द्वारा सिल्वर ओक से मंत्रालय को कोई कॉल नहीं किया गया है। इसके बाद राकांपा प्रमुख के सुरक्षाकर्मियों द्वारा गामदेवी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसने एक 'स्पूफ-कॉल' ऐप का इस्तेमाल किया जो आवाज बदलने की सुविधा देता है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने जांच अपने हाथ में ली और पुणे के एक गांव के एक व्यक्ति को कॉल का पता लगाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि पुणे जिले के चाकन इलाके से नौ अगस्त को जमीन के लेन-देन के संबंध में भी इसी तरह के कॉल किए गए थे और स्थानीय पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, उस मामले में भी जांच जारी थी।












Click it and Unblock the Notifications