राज्यसभा उपचुनाव में संख्या बल पर BJP नेता चंद्रकांत पाटिल का बयान- 56 MLA पर शिवसेना का CM हो सकता है तो...
मुंबई, सितंबर 22। महाराष्ट्र में राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने मुंबई ईकाई के महासचिव संजय उपाध्याय को उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी का ये फैसला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि उपचुनाव जीतने के लिए संख्या बीजेपी के पक्ष मे नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भी संजय उपाध्याय ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। संख्या बल पक्ष में नहीं होने को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने फिर भी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है।

चंद्रकांत पाटिल ने सख्या पक्ष में नहीं होने के दावों पर दिया जवाब
चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि अगर 56 विधायकों वाली पार्टी शिवसेना का सीएम हो सकता है और 54 विधायकों वाली पार्टी का डिप्टी सीएम हो सकता है तो राज्यसभा उपचुनाव के लिए संजय उपाध्याय बीजेपी के उम्मीदवार क्यों नहीं हो सकते। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 4 अक्टूबर को होगा। इस एक सीट के लिए कांग्रेस ने पार्टी की वरिष्ठ नेता रजनी पाटिल को उम्मीदवार बनाया है।
बीजेपी के निलंबित 12 विधायक रहेंगे मतदान के लिए उपलब्ध
बुधवार को महाराष्ट्र बीजेपी को चुनाव आयोग की तरफ से भी एक बड़ी राहत मिली। दरअसल, चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र बीजेपी के 12 निलंबित विधायकों को भी राज्यसभा उपचुनाव के लिए मतदान करने की अनुमति दे दी है। चुनाव आयोग के इस फैसले से बीजेपी को और मजबूती मिली है। बता दें कि इन 12 विधायकों को विधानसभा के दो दिवसीय मॉनसून सत्र के दौरान शिवसेना विधायक को गाली-गलौच देने के आरोप में एक साल के लिए निलंबित कर दिया था। ये सभी विधायक अपने निलंबन को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए थे।












Click it and Unblock the Notifications