IAS Puja Khedkar: पूजा खेडकर की मां को 20 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया, जानिए क्या है मामला?
IAS Puja Khedkar Mother detained : ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर और उनका पूरा परिवार लगातार विवादों में बना हुआ है, ताजा मामले में उनकी मां मनोरमा खेडकर इस वक्त पुणे पुलिस की कस्टडी में हैं, उनके ऊपर भूमि विवाद का केस दर्ज है।
दरअसल हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें मनोरमा खेडकर जमीन के लिए किसानों को धमकाती दिख रही थीं और उनके हाथ में पिस्टन थी, वीडियो वायरल होने के बाद से मनोरमा गायब चल रही थीं और पुलिस उन्हें खोज रही थी।

पुलिस ने उन्हें आज सुबह रायगढ़ के पास महाड से हिरासत में लिया था, उसके बाद उन्हेंं अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया है।
क्या पूजा की मां के पास लाइसेंस वाली पिस्टन थी?
आपको बता दें कि अपनी जांच में पुलिस ये भी पता लगाएगी कि मनोरमा जिस पिस्टन से किसानों को धमका रही थीं, क्या उसका लाइसेंस उनके पास था।
मनोरमा खेडकर समेत 7 लोगों पर केस दर्ज
आपको बता दें कि मनोरमा का वीडियो के सामने आने के बाद हंगामा मच गया था और इसके बाद पुलिस ने मनोरमा समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
सीनियर अधिकारी के ऑफिस पर कब्जा करने का आरोप
आपको बता दें कि ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर सुर्खियों में तब आई जब उनके ऊपर प्राइवेट कार पर नीली बत्ती और सीनियर अधिकारी के ऑफिस पर कब्जा करने का आरोप लगा। इसके बाद से उनको लेकर लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूजा केवल 7 प्रतिशत लोकोमोटर से प्रभावित है जो कि विकलांग प्रमाणपत्र मिलने के दायरे में नहीं आता है।
'7 प्रतिशत लोकोमोटर विकलांगता है'
पिंपरी के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल (वाईसीएम) के मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट कहती है कि पूजा खेडकर को 7 प्रतिशत लोकोमोटर विकलांगता है' जो कि विकलांगता सार्टिफिकेट पाने के लिए काफी कम है, इस प्रमाणपत्र के लिए कम से कम से 40 प्रतिशत लोकोमोटर होना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक 24 अगस्त, 2022 को खेडकर के बाएं घुटने में दिक्कत हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप उनके बाएं निचले अंग में 7 प्रतिशत स्थायी विकलांगता हो गई।
पूजा के पिता के पास आय से अधिक संपत्ति है
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पूजा की नौकरी पर भी खतरा मंडरा रहा है, हालांकि पूजा के घरवालों ने इस तरह की सारी रिपोर्ट को गलत बताया है।
अलग-अलग विवादों की वजह से पूजा का परिवार सुर्खियों में
पूजा का परिवार इस वक्त अलग-अलग विवादों की वजह से सुर्खियां बना हुआ है। पूजा के पिता दिलीप को भी लेकर एक बात सामने आयी है। उनके खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जिसके मुताबिक उनके पास आय से अधिक संपत्ति है, जो कि उन्होंने गलत ढंग से कमाए गए पैसों से अर्जित की है। आपको बता दें कि वो महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) के डायरेक्टर रहे हैं और साल 2020 में रिटाय़र हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications