कैसे नवाब मलिक और फडणवीस की जुबानी जंग में अब हुई 'सूअर' की एंट्री ! देखिए
मुंबई, 10 नवंबर: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार के मंत्री नवाब मलिक और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच जुबानी जंग अब 'सूअर' वाले कीचड़ तक पहुंच चुकी है। नवाब मलिक बुधवार को फडणवीस के खिलाफ 'हाइड्रोजन बम' लेकर आए थे तो फडणवीस ने इस लड़ाई में 'सूअर' को छोड़ने का फैसला किया है और गंदगी से बचने के लिए खुद किनारे रहने की बात कह दी है। लेकिन, फडणवीस के सहयोगी आशीष शेलार ने मलिक पर पलटवार करने में देरी नहीं की है। महाराष्ट्र की यह 'कीचड़' वाली लड़ाई अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंचती जा रही है और उद्धव के मंत्री अभी और 'बम फोड़ने' की बात कह रहे हैं।
Recommended Video

मलिक और फडणवीस की जुबानी जंग में 'सूअर' की एंट्री !
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस लगता है कि 'सियासी कीचड़बाजी' में नवाब मलिक से पिछड़ने लगे हैं। इसलिए बुधवार को उन्होंने आयरलैंड के एक मशहूर नाटककार रहे जॉर्ज बर्नार्ड शॉ की पंक्तियों को ट्वीट किया है और फिलहाल इस लड़ाई में खुद शांत बैठ जाने का संकेत दे दिया है। फडणवीस का यह ट्वीट तब आया है, जब एनसीपी नेता मलिक ने उनपर जाली करेंसी नोट के रैकेट को संरक्षण देने और मुख्यमंत्री रहते हुए अपने कार्यकाल में अंडवर्ल्ड से जुड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया है। फडणवीस ने जॉर्ज बर्नार्ड शॉ की पंक्तियों की इमेज डालकर अपनी भावनाएं जाहिर की हैं, जिसे उन्होंने आज के दिन का विचार बताया है।

'सूअर को इसमें मजा आता है'
देवेंद्र फडणवीस ने ट्विटर के जरिए जो इमेज लगाई है, उसमें उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन उसपर जॉर्ज बर्नार्ड शॉ की ये पंक्तियां लिखी हुई हैं- 'आज का विचार' 'मैंने बहुत पहले सीखा था, कभी सूअर से कुश्ती मत करो, आप गंदे हो जाएंगे। और सूअर को इसमें मजा आता है।' इससे पहले मलिक ने फडणवीस पर आरोप लगाया था कि उन्होंने जाली नोट के मामले में पकड़े गए इमरान असलम शेख को बचाया था और यह भी दावा किया था कि उनके अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के एक गुर्गे रियाज भाटी के साथ लिंक हैं। यही नहीं उद्धव के मंत्री ने पूर्व सीएम पर 2014 से 2019 के उनके कार्यकाल के दौरान नागपुर के क्रिमिनल मुन्ना यादव और एक कथित 'जबरन उगाही करने वाले बांग्लादेशी' हैदर आजम को बचाने के लिए प्रदेश सरकार के वैधानिक निगमों में नियुक्त करने का भी आरोप लगाया था।

'हाइड्रोजन बम' के बाद क्या फोड़ेंगे नवाब मलिक ?
मलिक ने फडणवीस को यहां तक चुनौती दी है कि वह आने वाले दिनों में भाजपा नेतृत्व को लेकर 'और बम' फोड़ेंगे। नवाब मलिक का दावा है कि वह तो उन लोगों से लड़ने की कोशिश कर रहे हैं जो कथित तौर पर फर्जी केसों के जरिए कथित बेगुनाहों को फंसाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फडणवीस उन्हें बचाने में लगे हैं। गौरतलब है कि जब से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के धाकड़ जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने क्रूज ड्रग्स केस में अभिनेता शाहरुख खाने के बेटे आर्यन खान को पकड़ा है, मलिक ने एनसीबी और उसके अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कोई दिन नहीं जा रहा है, जब वह एक से बढ़कर एक सनसनीखेज आरोप नहीं लगा रहे हैं। इसको लेकर उनके खिलाफ मानहानि के भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं और उसपर अदालतों में सुनवाई चल रही है।

नवाब मलिक पर आशीष शेलार का पलटवार
नवाब मलिक ने फडणवीस के खिलाफ नए आरोप (हाइड्रोजन बम) तब लगाए हैं, जब फडणवीस ने एक दिन पहले उनके 1993 के मुंबई धमाकों के अभियुक्तों से कारोबारी रिश्ते होने के आरोप लगाए थे और कुछ सबूत भी पेश किए थे। फडणवीस ने तो मलिक के ताजा आरोपों के बाद जॉर्ज बर्नार्ड शॉ की पंक्तियां शेयर करके छोड़ दिया है, लेकिन भाजपा नेता आशीष शेलार ने उनके इन दावों को खारिज कर दिया है कि फडणवीस ने कभी भी किसी गलत आदमी को बचाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है, 'मुन्ना यादव के खिलाफ केस थे, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ भी उसके लिंक हैं। फडणवीस ने कभी भी जाली करेंसी केस को संरक्षण नहीं दिया है और मलिक ने भी आरोप मढ़ते वक्त कोई सबूत नहीं दिए हैं।' बीजेपी सरकार में मंत्री रहे शेलार ने भाटी के साथ कई सत्ताधारी नेताओं की तस्वीरें पेश की हैं, जिसमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी शामिल हैं और कहा है कि उसे एनसीपी बचा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि 'भाटी उन रिकवरी एजेंड में से एक था, जिसे उगाही के लिए पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे ने लगाया था। उसे एनसीपी बचा रही है, जो कि फरार है, ताकि उनके साथ लिंक का खुलासा ना होने पाए।'












Click it and Unblock the Notifications