महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री की चेतावनी- अगर बढ़ा कोरोना संक्रमण, तो फिर से आएगा मास्क वाला नियम
नई दिल्ली, 1 मई: देश में पहले की तुलना में कोरोना के केस काफी हद तक कम हैं, लेकिन कुछ राज्यों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिसको देखते हुए केंद्र ने सभी राज्यों को सतर्क रहने को कहा था। अब महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने भी लोगों को चेतावनी दी है कि संक्रमण बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में फिर से मास्क अनिवार्य वाला नियम लागू हो जाएगा, इसलिए सभी जरूरी एहतियात बरतें।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि अगर कोविड के मामले बढ़ते रहे, तो हमें मास्क पहनना अनिवार्य करना होगा। हमारा उद्देश्य टीकाकरण में तेजी लाना है और बच्चों के टीकाकरण को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। इससे पहले बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों से अपील की थी कि सभी मास्क का उपयोग करें, क्योंकि चौथी लहर का खतरा बढ़ गया है। बढ़ते संक्रमण को लेकर सीएम संभागीय आयुक्तों, नगर आयुक्तों, जिला परिषद के सीईओ आदि के साथ बैठक कर चुके हैं।
वहीं महाराष्ट्र में अब तक 78.6 लाख से ज्यादा केस दर्ज हो चुके हैं, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा हैं। हालांकि मार्च के अंत से रोजाना के केस की संख्या 200 से नीचे ही रहती है। शनिवार को ही राज्य में 155 नए मामले पाए गए, जबकि एक मरीज ने अपनी जान जंवाई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कुल मृतकों की संख्या 1,47,843 हो गई है।
देश के क्या हैं हालात?
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3324 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि इस अवधि में कुल 2876 लोग डिस्चार्ज हुए और 40 ने जान गंवाई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में एक्टिव केस की संख्या 19092 है। साथ ही मौत का आंकड़ा 5,23,843 हो गया। हालांकि देश में टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है, जिसके तहत कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,89,17,69,346 हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications