'लॉरेंस बिश्नोई का आदमी मुंबई में बड़ी वारदात को देगा अंजाम', अज्ञात कॉलर से पुलिस महकमे मची खलबली
Lawrence Bishnoi News: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग में उछला गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लगातार सुर्खिंयों में बना है। इस बीच, शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। कॉलर ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का आदमी मुंबई आकर एक बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। इसके बाद फोन कट गया।
अज्ञात कॉलर की सूचना के बाद मुंबई पुलिस महकमें में अफरा-तफरी मच गई। मुंबई पुलिस कंट्रोल ने स्थानीय पुलिस स्टेशन से संपर्क साधा। मुंबई पुलिस ने कहा कि कॉल के बाद मुंबई पुलिस कंट्रोल ने स्थानीय पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर नजर रखना शुरू कर दिया है। अज्ञात कॉलर की डिटेल खंगालने में पुलिस जुट गई है।

बिश्नोई के नाम कैब बुक करने वाला हिरासत में
बीते दिन यानी शुक्रवार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास से कैब बुक करने के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोहित त्यागी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। घटना की जानकारी साझा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी ने एक्टर सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट से बांद्रा पुलिस स्टेशन के लिए लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर एक कैब बुक की थी।
पुलिस ने कहा कि जब कैब ड्राइवर सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचा और वहां के चौकीदार से बुकिंग के बारे में पूछा, तो चौकीदार पहले तो दंग रह गया, उसने तुरंत पास के बांद्रा पुलिस स्टेशन को बुकिंग के बारे में सूचित किया। इसी पर कार्रवाई करते हुए मुंबई की बांद्रा पुलिस ने कैब ड्राइवर से पूछताछ की और ऑनलाइन कैब बुक करने वाले शख्स के बारे में जानकारी हासिल की।
पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला सच
पुलिस ने आगे कहा कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने मजाक के तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कैब बुक की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें मुंबई लाया गया और अदालत के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें दो दिनों के लिए बांद्रा पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications