मिलिंद-बाबा सिद्दीकी के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस को एक और झटका, अशोक चव्हाण ने दिया पार्टी से इस्तीफा
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता अशोक चव्हाण ने लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को एक और झटका देते हुए सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने के ठीक बाद अशोक चव्हाण ने इस्तीफा दे दिया है।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नाना पटोले को लिखे एक पंक्ति के इस्तीफे में उन्होंने लिखा, "मैं 12/02/2024 को दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।"

65 वर्षीय नेता ने विधायक पद से अपना इस्तीफा भी स्पीकर को भेज दिया है। स्पीकर ने बताया, "अशोक चव्हाण ने आज रात 11.24 बजे विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधायक पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।"
अशोक चव्हाण को मिल सकती है बीजेपी से राज्यसभा सीट
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी चव्हाण को राज्यसभा सीट की पेशकश कर सकती है। कहा जा रहा है कि 10 से 12 विधायक भी चव्हाण के संपर्क में हैं और आने वाले समय में पाला बदल सकते हैं।
चव्हाण के अगले कदम के बारे में चल रही अटकलों के बीच, भाजपा नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि वक्त के साथ सब बातें साफ हो जाएंगी, इंतजार कीजिए।
उन्होंने कहा, "मैंने मीडिया से अशोक चव्हाण के बारे में सुना। लेकिन अब मैं केवल यही कह सकता हूं कि कांग्रेस के कई अच्छे नेता भाजपा के संपर्क में हैं। जो नेता जनता से जुड़े हुए हैं, वे कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि कुछ बड़े चेहरे भाजपा में शामिल होंगे। आगे-आगे देखिए होता है क्या।"
दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे चव्हाण को महाराष्ट्र में कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता था। वह एक अन्य पूर्व मुख्यमंत्री शंकरराव चव्हाण के पुत्र हैं। उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सहित पार्टी के भीतर विभिन्न पदों पर काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications