महाराष्ट्र: संभाजीनगर में देर रात बड़ा हादसा, हैंड ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत
Maharashtra News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक हैंड ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग गई। इस हादसे में फैक्ट्री के अंदर फंसे 6 लोगों की मौत की खबर है। आग की सूचना के बाद मौके पर दमकल की टीम पहुंच गई है, जो आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है।
हाथ के दस्ताने बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। जिसमें कम से कम पांच श्रमिकों के फंसे होने की खबर सामने आई थी। हादसा वालुज एमआईडीसी में हुआ है, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल है।

फैक्ट्री के बाहर खड़े लोग अंदर फंसे अपनों को बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं। इमारत के बाहर चीख-पुकार मची हुई है। कंपनी के एक कर्मचारी ने न्यूज एजेंसी एनआई को बताया कि अंदर पांच कर्मचारी फंसे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने फंसे हुए चार श्रमिकों की पहचान भुल्ला शेख (65), कौसर शेख (26), इकबाल शेख (26) और मगरूफ शेख (25) के रूप में की है। मजदूरों ने बताया कि रात में कंपनी बंद थी और जब आग लगी तो वे सो रहे थे।
अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे ने बताया कि हमें सुबह 2.15 बजे फोन आया। जब हम मौके पर पहुंचे तो पूरी फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि छह लोग अंदर फंसे हुए हैं। छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। आग बुझाने का काम जारी है।
उन्होंने कहा, "जब आग लगी तो इमारत के अंदर 10-15 लोग थे। कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन अन्य अभी भी अंदर फंसे हुए हैं।"
अधिकारियों के मुताबिक दमकल की गाड़ियां और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और इमारत के अंदर फंसे लोगों को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications