मुंबई: मुआवजे के लिए मंत्रालय भवन में किसानों का बवाल, सुरक्षा जाल पर कूदे
किसानों ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत मंगलवार को उन्होंने मुंबई के मंत्रालय भवन के सामने प्रदर्शन किया। कुछ देर में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और भवन के अंदर घुस गए। जिस वजह से सुरक्षाकर्मियों की हालत खराब हो गई। हालांकि कई किसानों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिलने से किसान नाराज थे। ऐसे में वो मंत्रालय भवन के अंदर पहुंचे। इसके बाद वहां पर वो हंगामा करने लगे। साथ ही मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन की बात कही। वहीं इमारत के किनारे-किनारे सुरक्षा जाल लगाए गए हैं। कुछ किसान उस पर भी कूद गए।

कुछ ही देर में भारी संख्या में पुलिस जवान वहां पहुंचे और किसानों को बाहर निकाला। इसके अलावा जो किसान जाल पर चढ़े थे, उनको भी उतारा गया। कुछ किसानों को हिरासत में लेकर मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र सरकार के राज्य मंत्री दादाजी भुसे भी तुरंत वहां पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को शांत करवाते हुए उनकी मांगें सुनीं। मंत्री ने आश्वासन दिया है कि उनकी सरकार किसानों के साथ अन्याय नहीं करेगी।
अमरावती से आए थे किसान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसान अमरावती से आए थे। वहां पर वर्धा बांध परियोजना चल रही। जिसमें उनकी जमीन गई है। किसानों का दावा है कि उनको उचित मुआवजा नहीं मिला। इस वजह से उनको प्रदर्शन करना पड़ा।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
वहीं एनसीपी नेता रोहित पवार ने मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर पहले किसानों की बात सुन ली जाती, तो ये प्रदर्शन ना होता। महाराष्ट्र में किसानों की स्थिति चिंताजनक है। कई जगहों पर सूखे की स्थिति है। ऐसे में पानी की कमी से फसलें बर्बाद हो रहीं। वहीं पशुपालकों के पास अपने जानवरों के लिए चारे की भी व्यवस्था नहीं है। सरकार को जल्द से जल्द इसका समाधान खोजना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications