Exit Poll Maharashtra Result: इस एग्जिट पोल के अनुमानों में महाराष्ट्र में त्रिशंकु विधानसभा के आसार
Exit Poll Maharashtra Result 2024 News: महाराष्ट्र के लिए किए गए अधिकतर एक्जिट पोल के अनुमानों में महायुति सरकार बनने की संभावना जताई गई है। कुछ ऐसे भी एग्जिट पोल हैं, जिसमें वहां सरकार बदलने की भविष्यवाणी की गई है। लेकिन, कम से कम एक एग्जिट पोल ने वहां त्रिशंकु विधानसभा बनने का अनुमान जताया है।
बुधवार 20 नवंबर को महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार 58.22% मतदाताओं ने वोट डाले। यह पांच साल पहले के 60% से ज्यादा वोट प्रतिशत से कम है।

महाराष्ट्र में त्रिशंकु विधानसभा- लोकशाही-मराठी रुद्रा
इस बीच ज्यादातर एग्जिट पोल ने सत्ताधारी गठबंधन महायुति की सरकार बनने की बात कही है। लेकिन, लोकशाही-मराठी रुद्रा के एग्जिट पोल के अनुमान सबसे अलग हैं।
लोकशाही-मराठी रुद्रा के सर्वे के अनुसार राज्य की 288 सीटों में बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के महायुति गठबंधन को 128 से लेकर 142 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, विपक्षी महा विकास अघाड़ी या एमवीए को 125 से लकर 140 सीटें मिल सकती हैं। बाकी अन्यों को 18 से लेकर 23 सीटें तक मिल सकती हैं।
अन्य दल और निर्दलीय बनेंगे किंगमेकर-एग्जिट पोल
राज्य में सामान्य बहुमत के लिए कम से कम 145 सीटें जरूरी हैं। लेकिन, इस आंकड़े तक कोई भी गठबंधन इस एग्जिट पोल के अनुसार नहीं पहुंच रहा है। अगर यह अनुमान सही साबित हुए तो अन्य दल और निर्दलीय किंगमेकर बनकर उभर सकते हैं।
इस साल महाराष्ट्र में हुए लोकसभा चुनावों में सत्ताधारी महायुति गठबंधन को बहुत बड़ा झटका लगा था और वह 48 में से सिर्फ 17 सीटें ही जीत सका था। जबकि, विपक्षी एमवीए को 30 सीटें मिल गईं। इसके बाद महायुति सरकार ने 'मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना'जैसी लोकप्रिय पहल की शुरुआत की और वहां चुनावी समीकरण बदलते हुए दिखाई देने लगे।
सत्ता पक्ष के इस दांव से घबराए विपक्ष ने अपने चुनावी घोषणापत्र में दावों के पिटारे खोल दिए। उन्होंने जाति जनगणना जैसे दांव भी चलने की कोशिश की। जबकि बीजेपी की ओर से यहां भी 'बटेंगे तो कटेंगे'जैसे नारे का सहारा लेकर मतदाताओं की गोलबंदी की कोशिशें शुरू की गईं।












Click it and Unblock the Notifications