उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी के सांसदों में होने वाली है बड़ी टूट? शिंदे शिवसेना चला रही ऑपरेशन टाइगर
Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ सालों में बड़ी उठा-पटक और बदलाव हुए। शिवसेना जो दो धड़ोंं में बंट चुकी है इसके बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। शिवसेना के दोनों गुटों के बीच चल रही खींचतान के बाद शिंदे गुट के मंत्री उदय सामंत ने बड़ा दावा कर डाला है। अगर ये सच हुआ तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना में बड़ा भूचाल आएगा।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री उदय सावंत के खुलासे के बाद चर्चा है कि विपक्षी उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में बड़ी टूट होने वाली है।

एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने ऑपरेशन शिवधनुष्य और ऑपरेशन टाइगर की शुरूआत कर दी है। शिंदे की शिवसेना ठाकरे की शिवसेना के सांसदों का अपने पाले में करने के लिए गिद्ध की तरह नजरें गड़ाए हुए है। वहीं शिंदे गुट के नेता और महाराष्ट्र के मंत्री उदय सावंत के दावे ने इस बात को और हवा दे दी है।
"सांसदों के संपर्क में है शिवसेना"
उदय सावंत ने मीडिया से बात करते हुए कहा "कुछ लोग कहते हैं कि वे शिंदे की शिवसेना में शामिल होंगे, लेकिन हम उन्हें स्वीकार नहीं करेंगे। हम अपने मिशन को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेंगे। फिलहाल हम सांसदों के संपर्क में है, हम उन्हें शिवसेना में शामिल करने को प्राथमिकता देंगे।।
पहले पदाधिकारी और बाद में सांसद शिवसेना में शामिल होंगे
बता दें सावंत ने कहा 23 जनवरी को होने वाला ऑपरेशन तकनीकी दिक्कतों के चलते रोक दिया गया है। हमारे ऑपरेशन 'शिवधनुष्य' और 'ऑपरेशन टाइगर' चल रहे हैं। सांसद पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कतें हैं, इसलिए अब पार्टी के पदाधिकारी पहले आएंगे, उसके बाद सांसद आएंगे।"23 जनवरी को बालासाहेब ठाकरे की जयंती पर बड़ी फेरबदल होने का दावा किया गया था।
संजय राउत ने सावंत के दावे पर क्या कहा?
संजय राउत ने पलटवार करते हुए कहा "आप ऑपरेशन टाइगर में उदय सामंत का जिक्र कर रहे हैं, लेकिन उदय सामंत की सर्जरी कब होगी? बीजेपी 20 विधायकों के साथ उदय सामंत को अपने पक्ष में करने की सोच रही है।" राउत ने कहा कि उदय सामंत को भी ये पता नहीं चलेगा कि कब कौन सा ऑपरेशन होगा।
शिवसेना (यूबीटी) के पास हैं 9 सांसद
मौजूदा समीकरणों की बात करें तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के पास 9 सांसद हैं, जबकि एकनाथ शिंदे का दावा है कि उनके पास 7 सांसद हैं। उनका दावा है कि यूबीटी के 6 सांसद उनके संपर्क में हैं और जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर होने की उम्मीद है।
हालांकि, 23 जनवरी को बालासाहेब ठाकरे की जयंती पर बड़े राजनीतिक उलटफेर के दावों के बावजूद ऐसा कुछ नहीं हुआ। सूत्रों से पता चलता है कि यूबीटी के जिन 6 सांसदों के शिंदे गुट के संपर्क में होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, वो उनके संपर्क में नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications