Coronavirus in Mumbai: अगले 12 दिन मुंबई के लिए बेहद अहम, नियम तोड़ने वालों पर निर्दयी बनेंगे हम- BMC
बीएमसी कमिश्नर ने कहा कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा, जो कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन का उल्लंघन करेगा।
मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के केस राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार और केंद्र दोनों के लिए एक बड़ी चिंता बन रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के कई जिलों में कोरोना वायरस के मरीज तेजी से बढ़े हैं, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इस बीच बीएमसी के कमिश्नर इकबाल चाहर ने कहा है कि मुंबई के लिए अगले 12 दिन बेहद अहम साबित होने वाले हैं। इकबाल चाहर ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले हमारे लिए एक बड़ी चिंता है और संक्रमण रोकने के लिए बीएमसी अब बहुत सख्ती से पेश आएगा। ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा, जो कोरोना वायरस को लेकर जारी गाइडलाइन का उल्लंघन करेगा।
Recommended Video

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, इकबाल चाहर ने कहा, 'हमारे लिए अगले 12 दिन बहुत अहम हैं, जिसके लिए बीएमसी निर्दयी बनेगा और नियम तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा। अगर शादी की पार्टियों में कोरोना वायरस के नियमों का उल्लंघन होता है, तो दूल्हा और दुल्हन के माता-पिता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। किसी भी शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोगों के जुटने की इजाजत नहीं है और इसका पालन करने के लिए हमने लोगों से हाथ जोड़कर सहयोग की अपील की है।'
बढ़ते मामलों के पीछे हो सकती हैं ये दो वजह- बीएमसी
इकबाल चाहर ने आगे बताया, 'हो सकता है कि संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के पीछे कोरोना वायरस के नए वेरिएंट एक वजह हो। इसके अलावा रेल सेवाओं का फिर से शुरू होना भी केस बढ़ने की वजह हो सकती है। नियम तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है। साथ ही ऐसे लोगों पर पुलिसकर्मी और मार्शल जुर्माना भी लगा सकते हैं।'
लोगों ने नियम नहीं माने तो लगेगा लॉकडाउन- सीएम उद्धव
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में अचानक से बढ़े कोरोना वायरस के मामलों को लेकर रविवार को सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो राज्य में एक बार फिर से लॉकडाउन लगाया जा सकता है। सीएम उद्धव का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सरकार ने महाराष्ट्र के पांच जिलों अमरावती, अकोला, बुलढाना, वाशिम और यवतमाल में आशिंक तौर पर लॉकडाउन लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications