महाराष्ट्र में कोरोना के नए मामलों में दिखी गिरावट, आज सामने आए 56,647 केस
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 56,647 नए केस
मुंबई, 2 मई: देश के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में आज नए मामलों में थोड़ी कमी देखने को मिली है। कई दिन के बाद राज्य में 24 घंटे के भीतर 60 हजार से कम नए केस आए हैं जो कि एक निश्चित ही एक राहत की बात है। महाराष्ट्र में रविवार को 56,647 नए केस मिले हैं। महाराष्ट्र में मुंबई काफी ज्यादा प्रभावित है, मुंबई में आज 3672 मामले मिले हैं।

रविवार को राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में 56,647 नए मामले सामने आए और 669 मौतें कोरोना से हुईं। इस दौरान 51,356 मरीज कोरोना से ठीक भी हो गए। महाराष्ट्र में कुल मामले 47 लाख से ज्यादा हो गए हैं। जिसमें सक्रिय मामले 6,68,353 हैं। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 70,284 हो गई है। मुंबई में आज कोविड संक्रमण के 3,672 नए मामले आए हैं और 79 मौतें दर्ज की गई हैं। मुंबई में कोरोना के एक्टिव केस 57,342 हैं। मुंबई में 13,330 मौतें कोरोना से हो चुकी हैं।
महाराष्ट्र में इससे पहले शनिवार को कोरोना के 63,282 नए मामले सामने आए थे और 802 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को महाराष्ट्र में 62,919 नए कोरोना मरीज सामने आए थे और 828 कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी।
बता दें कि कोरोना के मामले देश में लगातार रिकॉर्ड संख्या में सामने आ रहे हैं। रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3.92 लाख नए केस सामने आए हैं, वहीं इस दौरान 3689 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। देश में संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 2,15,542 के पार हो गई है। देश में कोरोना के एक्टिव केस अब 33,49,644 हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications