राजनीतिक संकट के बीच सरकार बचाने में जुटे उद्धव ठाकरे, बुधवार को करेंगे कैबिनेट की मीटिंग
मुंबई, जून 21। महाराष्ट्र में आए राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपनी सरकार को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने शिवसेना से बागी हुए एकनाथ शिंदे से भी करीब 10 मिनट तक फोन पर बात की, लेकिन वो उन्हें मनाने में नाकाम रहे। शिंदे ने उद्धव ठाकरे को अल्टीमेटम दे दिया कि वो अगर बीजेपी से गठबंधन नहीं करेंगे तो शिवसेना में टूट होना तय है। शिंदे के इस अल्टीमेटम के बीच उद्धव ठाकरे गुरुवार को कैबिनेट की एक अहम मीटिंग करने वाले हैं।

दोपहर 1 बजे कैबिनेट की बैठक करेंगे उद्धव ठाकरे
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्धव ठाकरे बुधवार को दोपहर 1 बजे कैबिनेट की मीटिंग करेंगे, जिसमें राजनीतिक संकट के बीच सरकार बचाने के उपायों पर चर्चा होगी। आपको बता दें कि उद्धव ठाकरे मंगलवार शाम को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। इनमें एनसीपी नेता छगन भुजबल, दिलीप वलसे पाटिल, जयंत पाटिल और अजीत पवार का नाम शामिल है।
अपने बाकि विधायकों को बचाने में लगे हैं उद्धव ठाकरे
कैबिनेट मीटिंग से पहले उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी के बचे हुए विधायकों को बचाने में लगे हुए हैं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी के अन्य विधायकों को मुंबई के वर्ली में स्थित एक होटल में शिफ्ट कर दिया है। शिवसेना के विधायकों को मुख्यमंत्री आवास से मुंबई के एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं शिवसेना के कम से कम 21 विधायक एकनाथ शिंदे के साथ सूरत के एक होटल में डेरा डाले हुए हैं।
महाराष्ट्र में इस सियासी उठापटक के बीच उद्धव ठाकरे ने कहा है कि मुझे अभी भी विश्वास है कि एकनाथ शिंदे मेरी बात सुनेंगे और समझेंगे और शिवसेना में वापस आएंगे। उन्होंने कहा है कि एकनाथ शिंदे अब बीजेपी में जाने की बात कर रहे हैं। जब आप बीजेपी के साथ थे तो क्या आपको कम परेशानी हुई? तो अब बीजेपी के साथ कैसे जाएं? उन्होंने कहा कि हम यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एकनाथ शिंदे क्या चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications