केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ केजरीवाल के समर्थन में आए शरद पवार, कहा- यह अब दिल्ली का नहीं देश का मुद्दा
Arvind Kejriwal Meets Sharad Pawar: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य कई आप नेता भी शरद पवार से मिलने पहुंचे हैं।

Arvind Kejriwal Meets Sharad Pawar: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मुंबई में एनसीपी चीफ शरद पवार से मुलाकात की। केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद राघव चड्ढा, दिल्ली की मंत्री आतिशी और अन्य आप नेता भी शरद पवार से मिलने पहुंचे थे। केजरीवाल केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश के विरोध में समर्थन मांगने के लिए शरद पवार से चर्चा करने पहुंचे हैं। वह आने वाले समय में अन्य विपक्षी पार्टियों से भी इस मुद्दे पर मदद मांगने के लिए जाएंगे।
शरद पवार ने किया समर्थन का ऐलान
शरद पवार ने कहा कि मुंबई में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए समर्थन मांगा। हमने उन्हें समर्थन देने का ऐलान किया है। हम और भी नेताओं से इस मुद्दे पर समर्थन देने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां देश में संकट है और यह दिल्ली तक सीमित मुद्दा नहीं है। एनसीपी और महाराष्ट्र की जनता केजरीवाल का समर्थन करेगी।
अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा?
वहीं शरद पवार के साथ मीडिया संबोधन में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शरद पवार जी ने हमें आश्वासन दिया है कि दिल्ली सरकार के खिलाफ केंद्र के अध्यादेश को बदलने वाले बिल को राज्यसभा में हराने में एनसीपी हमारा समर्थन करेगी। हम सभी गैर-बीजेपी दलों से समर्थन इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले ममता बनर्जी से भी की थी मुलाकात
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश के विरोध में समर्थन मांगने के लिए ममता बनर्जी से भी मुलाकात की थी। ममता बनर्जी ने उन्हें समर्थन देने का ऐलान भी कर दिया था। ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) ने उस समय कहा था कि टीएमसी दिल्ली सरकार के खिलाफ केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश का विरोध करेगी, विपक्षी दलों से एक साथ आने का आग्रह करती है। यदि सभी विपक्षी पार्टियां एक साथ मिलकर राज्यसभा में हरा दें तो यह अध्यादेश भी गिर जाएगा।
उद्धव ठाकरे से भी की थी मुलाकात
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद केजरीवाल ने कहा कि उद्धव ने राज्यसभा में (सेवा पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश से जुड़े) विधेयक के खिलाफ मतदान करने का भरोसा दिलाया है।
Recommended Video
केंद्र के अध्यादेश पर क्यों हो रहा बवाल
बता दें कि शुक्रवार यानी 19 मई की देर शाम केंद्र सरकार ने दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलटने वाला अध्यादेश जारी कर दिया। केंद्र सरकार 'राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (संशोधन) अध्यादेश, 2023' लेकर आई है। इस अध्यादेश के तहत किसी भी अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग से जुड़ा अंतिम निर्णय लेने का हक एक बार फिर से उपराज्यपाल को वापस दे दिया गया है। यानी अब उपराज्यपाल अधिकारियों की पोस्टिंग या ट्रांसफर करवाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications