महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को सीबीआई ने कस्टडी में लिया
मुंबई, 06 अप्रैल। महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जबरन वसूली के मामले में अब अनिल देशमुख को सीबीआई ने अपनी हिरासत में ले लिया है। अनिल देशमुख पहले से ही आर्थर रोड जेल में बंद हैं, लेकिन अब जबरन वसूली मामले में सीबीआई ने अनिल देशमुख के खिलाफ केस दर्ज किया और उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया है। उन्हें जल्द ही सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौर करने वाली बात है कि अनिल देशमुख को पिछले साल नवंबर माह में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था।

दरअसल उद्योगपति अनिल अंबानी के घर के बाहर एक एसयूवी में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी, जिसमे महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी सचिन वाझे की भूमिका सामने आई थी। जिसके बाद आरोपों के चलते अनिल देशमुख को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय ने शिवसेना के दिग्गज नेता संजय राउत के खिलाफ भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उनकी पत्नी वर्षा राउत पर अवैध संपत्ति का मामला सामने आया जिसके बाद ईडी ने कार्रवाई करते हुए राउत की कई संपत्तियों को जब्त किया है।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद संजय राउत ने कहा था कि हम डरने वाले नहीं है, मेरी भी संपत्ति को जब्त कर लो, मुझे गोली मार दो, मुझे जेल भेज दो, मैं बाला साहब ठाकरे का चेला हूं और शिवसैनिक हूं, मैं हमेशा लड़ता रहूंगा और इन लोगों की पोल खोलता रहूंगा। वहीं राउत के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर आप निर्दोष होते हैं तो कहते हैं कि हम कोर्ट जाएंगे लेकिन जब आप इसमे शामिल होते हैं तो इस तरह के आरोप लगाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications