तेरहवीं भोज के बाद गांव में कोरोना विस्फोट, एक साथ 93 लोग निकले पॉजिटिव
मुंबई, 14 अप्रैल: महाराष्ट्र में कोरोना की इस वक्त कैसी खतरनाक लहर चल रही है ये पूरा देश जानता है। हालत ये है कि महाराष्ट्र में रोजाना सामने आने वाले मरीजों का आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज हो रहा है। राज्य में कोरोना बेकाबू हो चुका है। प्रदेश में मिनी लॉकडाउन भी लगाया जा रहा है। सरकार ने कई पाबंदियों के साथ फिर से कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाएं हैं, लेकिन लोगों की लापरवाही सरकार और दूसरों की जान पर भारी पड़ रही है। ऐसा ही एक डरा देने वाला मामला प्रदेश के बुलढाणा जिले से आया है, जहां एक गांव में तेरहवीं के भोज के दौरान कोरोना का बड़ा धमाका देखने को मिला।

पूरा मामला बुलढाणा जिले के पोटा गांव का है, जहां अब गांव के 93 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। स्थानीय अधिकारियों ने 700 से अधिक लोगों की आबादी वाले इस गांव को कंटेनमेंट घोषित किया है। एक स्थानीय अधिकारी के मुताबिक 15 ग्रामीणों का महीने की शुरुआत में स्क्रीनिंग कैंप के दौरान जांच में पॉजिटिव पाया गया था और फिर कुछ दिनों बाद दूसरे जांच शिविर में 78 लोग संक्रमित मिले थे। बताया जा रहा है कि एक कोरोना मरीज की मौत भी हुई है।
हालांकि अधिकारी ने उन रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिनमें कहा गया था कि हाल ही में जिले के खामगांव में एक स्थानीय कोरोना वायरस रोगी की मौत के बाद पोटा गांव में तेरहवीं का भोज आयोजित किया गया था। एक ग्रामीण ने बताया कि कई लोग मृत्यु भोज में शामिल हुए थे। जिसके बाद भोज में भाग लेने वाले अधिकांश लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं अब गांव की पूरी तरह से किलेबंदी की हुई है। सभी लोगों की जांच की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications