'जल रही थी बस, हम शीशा तोड़ कर निकले बाहर, फिर हुआ धमाका' बुलढाणा हादसे में जिंदा बचे शख्स का आंखों देखा हाल
Buldhana bus accident: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ राजा के पास समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक बस हादसे में 26 यात्रियों की जान चली गई है। बस में सवार सात लोग जिंदा बचे हैं, जिसमें से एक योगेश रामदास भी हैं।
अब योगेश रामदास ने हादसे का आंखों देखा हाल सुनाया है। योगेश रामदास ने कहा कि जब वह शीशा तोड़कर बस से बाहर निकले तो गाड़ी में आग लगी हुई थी। उनके बस से बाहर निकलते हुए बस में धमाका हुआ था।

बुलढाणा में हुए सड़क हादसे में घायल हुए योगेश रामदास गवई भालेगांव ने कहा, ''मैं विदर्भ ट्रेवल की बस में नागपुर से बैठा था। उसके बाद सिंदखेड़ राजा के पास समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हमारे बस का एक्सीडेंट हुआ। गाड़ी पलटने के तुरंत बाद गाड़ी में आग लग गई। फिर हम तीन-चार लोगों ने शीशा तोड़ा और बाहर आए। एक लड़के को मैनें अपने साथ ऊपर खींच लिया और नीचे छलांग लगाई। हमारे बाहर आते ही गाड़ी में धमाका हो गया। फिर फायर टीम घटना के 10-15 मिनट बाद आई और आग पर काबू पाया।''
क्या बोले बस मालिक...?
वहीं बस मालिक वीरेंद्र डारना का कहना है कि यह हमारे परिवार की बस है जिसे 2020 में ली थी। यह बस पूरी तरह से नई है जिसके दस्तावेज पूरी तरह से ठीक हैं। बस ड्राइवर के पास भी ड्राइविंग का अच्छा अच्छा अनुभव है। ड्राइवर ने कहा कि बस का टायर फटने से बस डिवाइडर पर चढ़ गई और बस में आग लगी। हमारी लिस्ट के मुताबिक बस में करीब 27 यात्री थे।''












Click it and Unblock the Notifications