करण जौहर की पार्टी पर बीजेपी MLA ने उठाए सवाल, पूछा-क्या मिनिस्टर भी हुए थे शामिल?
मुंबई, 16 दिसंबर: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान, अमृता अरोड़ा, सीमा खान समेत कई सेलेब्रिटीज के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद इंडस्ट्रीज में हड़कंप मचा हुआ है। करीना कपूर और उनकी सहेलियों ने बीते दिनों रिया कपूर और करण जौहर के घर पार्टी की थी। इसी बीच अब बीजेपी विधायक आशीष शेलार ने बीएमसी को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। साथ ही ये भी सवाल उठाए हैं कि, इस बात की भी जांच हो कि करण जौहर की पार्टी में कौन-कौन से मंत्री शामिल हुए थे।

नाम छुपाने की हो रही है कोशिश: शेलार
भाजपा नेता आशीष शेलार ने गुरुवार को कहा कि, 'मैं यह जानना चाहता हूं कि क्या महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री भी करण जौहर के आवास पर आयोजित की गई पार्टी में शामिल हुए थे? इस पार्टी में मौजूद रहे लोगों के बारे में सीमा खान और करीना कपूर जैसी हस्तियों ने जो बताया है उसमें गड़बड़ी है। विधायक ने कहा कि करीना कपूर खान और सोहेल खान की पत्नी सीमा खान के बयानों में अंतर है। क्या यह कुछ नाम छिपाने की कोशिश है?

'जौहर के घर पर डिनर में मौजूद सभी नामों को हो खुलासा'
उन्होंने कहा कि, बृहन्मुंबई नगर निगम(बीएमसी) के अधिकारियों द्वारा मेरे साथ साझा की गई जानकारी के अनुसार, सीमा खान ने उन सभी लोगों के नामों का खुलासा नहीं किया जो जौहर के घर पर डिनर में मौजूद थे। मुझे लगता है कि यह 8 दिसंबर को आयोजित किया गया था। उन्होंने जिन नामों को छिपाया है, वे सामने लाए जाने चाहिए। करण जौहर के घर जो पार्टी हुई थी उसमें कितने लोग शामिल थे, इस बात का जवाब दिया जाए।

सीसीटीवी कैमरे जब्त किए जाएं: शेलार
भाजपा नेता ने कहा कि इससे पार्टी में शामिल होने वाले लोगों की सही संख्या पर शक उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि बीएमसी के अधिकारी मीडिया को यह बताते हुए दिखे हैं कि इस पार्टी में केवल आठ लोग मौजूद थे। शेलार ने कहा कि मैंने बीएमसी को इस संबंध में एक पत्र लिख कर पूछा है कि क्या इसने उस इमारत की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली है जिसमें करण जौहर का आवास है। अगर अभी तक ऐसा नहीं किया गया है तो बीएमसी इस काम में देरी क्यों कर रही है क्योंकि इन फुटेज से इस पार्टी में शामिल होने वाले लोगों की सही संख्या का पता चल सकता है।

करण जौहर का टेस्ट आया निगेटिव
करीना कपूर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बीएमसी ने पार्टी में पहुंचे लोगों और उनके संपर्क में आए कुल 40 लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट करवाया है। सभी के घरों को भी सैनिटाइज किया गया है। फिल्ममेकर करण जौहर और उनके 10 स्टाफ मेंबर्स का आरटी पीसीआर टेस्ट करवाया है। इसके अलावा करण जौहर की मां हीरू जौहर की भी जांच हुई है। करण जौहर के घर पर पूरी तरह सैनिटाइज करवाया गया है। कुल 40 लोगों का कोविड-19 टेस्ट किया गया है। इसमें करण जौहर की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।












Click it and Unblock the Notifications