BMC Polls Voting: विशाल ददलानी ने किया मतदान, बोले - 'मैं अब लोगों से अपील नहीं करता', आखिर क्यों हैं नाराज?
BMC Polls Voting Vishal Dadlani: मुंबई में बीएमसी चुनाव के लिए गुरुवार (15 जनवरी) को मतदान हो रहा है। सिंगर और म्यूजिशियन विशाल ददलानी भी वोटिंग के लिए पहुंचे। इस दौरान दिया उनका बयान चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि मैं अब देशवासियों से और जनता से कोई अपील नहीं करता। ददलानी आम तौर पर सार्वजनिक मुद्दों पर खुलकर राय रखते हैं और उन्होंने अन्ना आंदोलन को भी सपोर्ट किया था। लंबे समय तक उन्होंने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया था।
मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे विशाल ददलानी ने कहा कि अब वह लोगों से अपील करना छोड़ चुके हैं। इसके बाद से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि हर मुद्दे पर खुलकर राय रखने वाले सिंगर-कंपोजर ने मतदान वाले दिन ऐसी निराशा भरी बात कही है।

Vishal Dadlani बोले, 'देश के लिए सोचना सबकी जिम्मेदारी'
सिंगर ने साफ कहा कि अब वह लोगों से वोट डालने की अपील करना बंद कर चुके हैं, क्योंकि देश और शहर के लिए आगे आना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विशाल ददलानी ने कहा, 'मैं अब लोगों से अपील नहीं करता। अगर कोई अपने देश, अपने शहर और अपने भविष्य को लेकर गंभीर है, तो उसे खुद आगे आना चाहिए।' आगे उन्होंने कहा कि मुंबई में कई समस्याएं हैं। शहर में सीवरेज, ट्रैफिक, महालक्ष्मी रेसकोर्स बचाने जैसी कई समस्याएं हैं। लोगों को अपना मत सोच-समझकर देना चाहिए।
BMC Polls Voting: 16 जनवरी को आएंगे नतीजे
महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार, 15 जनवरी को सुबह 7:30 बजे से मतदान जारी है। बीएमसी चुनाव को राज्य की राजनीति में सेमीफाइनल की तरह देखा जा रहा है। इसके नतीजे मुंबई की दिशा और आने वाले राजनीतिक समीकरणों को तय करेंगे। बीएमसी चुनाव 2022 में ही प्रस्तावित थे, लेकिन आखिरकार लगभग 4 साल की देरी के बाद वोटिंग हो रही है। चुनाव के नतीजे शुक्रवार, 16 जनवरी को आएंगे। इन नतीजों का असर ठाकरे परिवार से लेकर बीजेपी और एकनाथ शिंदे पर पड़ना तय है।












Click it and Unblock the Notifications