'शोले' के असरानी से उद्धव की तुलना करके BJP क्या दे रही संकेत? 18 MLA को लेकर बड़ा दावा
BJP dig at Uddhav Thackeray: महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर जोरदार तंज कसा है। उनकी तुलना बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'शोले'में असरानी के किरदार से करके उनपर जोरदार कटाक्ष किया है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि शिवसेना (यूबीटी) के नव-निर्वाचित एमएलए में से बहुत जल्द उनके साथ सिर्फ 2 ही बच जाएंगे।
बीजेपी का उद्धव ठाकरे पर जोरदार हमला
2019 के विधानसभा चुनावों के बाद उद्धव ठाकरे के पाला बदलने की वजह से ही महाराष्ट्र में बीजेपी ढाई साल तक सत्ता से दूर रही और सत्ता में आने पर भी उसे सबसे ज्यादा सीटें होने के बावजूद मुख्यमंत्री पद का त्याग करना पड़ा।

उद्धव की स्थिति शोले के असरानी की तरह- चंद्रशेखर बावनकुले
मौजूदा विधानसभा चुनाव में भाजपा को जबरदस्त और अप्रत्याशित सफलता मिली है, वहीं उद्धव की शिवसेना को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जिसके बाद बीजेपी को उनपर निशाना साधने का मौका मिला हुआ है।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra Elections: महाराष्ट्र में क्यों हारा INDIA bloc? कांग्रेस की ये 5 गलतियां पड़ी भारी
यही वजह है कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने मशहूर शोले फिल्म में असरानी के 'आधे इधर जाओ...आधे उधर जाओ'वाले डायलॉग का इस्तेमाल उद्धव पर हमले के लिए किया है।
भाजपा नेता ने कहा है, 'ठाकरे की स्थिति शोले के असरानी की तरह है....उम्मीद है कि आप सबने शोले देखी होगी...आधे इधर जाओ..आधे उधर जाओ...बाकी मेरे पीछे आओ...'
उद्धव के साथ सिर्फ 2 ही एमएलए रह जाएंगे- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
इसके आगे उन्होंने बहुत ही बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा, 'थोड़ा इंतजार कीजिए 20 एमएलए (शिवसेना-यूबीटी) में से 18 निकल जाएंगे और उनके साथ सिर्फ 2 ही रह जाएंगे।'
उद्धव के साथ दो विधायकों के रह जाने का उनका इशारा उनके बेटे आदित्य ठाकरे और आदित्य के ममेरे भाई वरुण सारदेसाई के बारे में है। हालांकि, लगता है कि 18 विधायकों का उद्धव का साथ छोड़ने की बात उन्होंने तंज भरे अंदाज में कही है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल में इसका दूसरा संकेत भी निकल सकता है।
संजय राउत ने शिवसेना,एनसीपी को मोदी-शाह का गुलाम बताया
वहीं उद्धव की पार्टी भी बीजेपी के साथ-साथ उसकी सहयोगी शिवसेना और एनसीपी पर निशाना साधने में पीछे नहीं है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एकनाथ शिंदे और अजित पवार की पार्टियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का गुलाम बताने से भी परहेज नहीं किया है।
उन्होंने कहा,'ये बीजेपी की उप-कंपनियां बन चुकी हैं।' 'ये दोनों पार्टियां नरेंद्र मोदी और अमित शाह की गुलाम हैं...वही तय करेंगे कि महाराष्ट्र का अगला सीएम कौन होगा'
बहुमत के लिए शिंदे,पवार की पार्टी तोड़ सकती है बीजेपी-संजय राउत
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 'इस समय बीजेपी के पास बहुमत है, कुछ ही सीटें कम हैं, लेकिन हां..अगर उनके पास बहुमत नहीं है तो वे बहुमत के लिए एकनाथ शिंदे और अजित पवार की पार्टी को तोड़ सकते हैं।'
इसे भी पढ़ें- Maharashtra New CM: एकनाथ शिंदे नहीं माने तो महाराष्ट्र सीएम बनने के लिए देवेंद्र फडणवीस कर सकते हैं ये खेला
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में बीजेपी को 132, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 41 सीटें मिली हैं। वहीं शिवसेना-यूबीटी को 20, कांग्रेस को 16 और एनसीपी-एसपी को 10 सीटें प्राप्त हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications