Maharashtra Politics: 'बीजेपी को औरंगजेब चाहिए......': कोल्हापुर हिंसा पर बोले संजय राउत
महाराष्ट्र की राजनीति में अब सांप्रदायिक घटनाओं की वजह से बयानबाजी तेज है। उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता संजय राउत ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह राजनीति के लिए औरंगजेब का इस्तेमाल कर रही है।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में औरंगजेब को लेकर हुई हिंसा के बाद शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) के नेता संजय राउत ने बीजेपी के खिलाफ नए सिरे से मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बीजेपी पर हमला कर कहा है कि कर्नाटक चुनाव में बीजेपी को 'बजरंग बली' ने मदद नहीं की इसलिए पार्टी अब औरंगजेब और टीपू सुल्तान जैसी ऐतिहासिक चरित्रों पर भरोसा कर रही है।
हिंसक घटनाओं के लिए भाजपा पर हमलावर राउत
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में उद्धव ठाकरे की पार्टी की स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सत्ताधारी गठबंधन की घटक दल बीजेपी पर महाराष्ट्र में हाल में हुई सांप्रदायिक हिंसक घटनाओं का दोष मढ़ दिया है। उन्होंने इन घटनाओं को बीजेपी की राजनीति से जोड़ा है।
'औरंगजेब को फिर से क्या जिंदा किया जा रहा है?'
राउत ने सवाल किया, 'औरंगजेब का मकबरा महाराष्ट्र में है। औरंगजेब को यहां दफनाया गया है.....छत्रपित शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र ने उसे दफनाया है, तो उसे कोल्हापुर, संगमनेर या कहीं और फिर से क्या जिंदा किया जा रहा है?'
बीजेपी को औरंगजेब की जरूरत है- राउत
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को राजनीति के लिए औरंगजेब चाहिए। उनके मुताबिक, 'यह इसलिए क्योंकि बजरंगबली ने कर्नाटक में उनकी मदद नहीं की....तब वे औरंगजेब, टीपू सुल्तान, बहादुर शाह जफर, अफजल खान को ले आए। आप (बीजेपी) उन्हें इसलिए जिंदा कर रहे हैं, क्योंकि आपको (बीजेपी) उनकी जरूरत है। क्योंकि आपका हिंदुत्व इन खानों पर निर्भर है और ये फर्जी है।'
बुधवार को कोल्हापुर में हुई थी हिंसक झड़पें
पश्चिम महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बुधवार को कुछ दक्षिण पंथी संगठनों की ओर से आयोजित बंद और प्रदर्शन के दौरान हिंसक झड़पें सामने आई थीं। यह बवाल सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के द्वारा औरंगजेब (कुछ रिपोर्ट में टीपू सुल्तान) को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट और आपत्तिजनक ऑडियो लगाने के बाद हुआ था। पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुई थीं। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।
यह बीजेपी के कारण हुआ है- राउत
वहीं अहमदनगर जिले के संगमनेर में कुछ लोगों के खिलाफ कथित रूप से प्रदर्शन के दौरान औरंगजेब की तस्वीरें इस्तेमाल करने लिए मुकदमा भी दर्ज किया गया था। अब राउत ने कहा है,'(उपमुख्यमंत्री) फडणवीस ने पूछा औरंगजेब की ये औलादें कहां से आईं..........यह आपके (बीजेपी) कारण हुआ है।'
उद्धव सेना के नेता ने दावा किया कि कोल्हापुर की घटना में शामिल ज्यादातर लोग शहर के बाहर से आए थे। उन्होंने दावा किया कि रातों-रात संदेश भेजकर हिंसा करवाई गई। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications