'ये मोदी और शाह की जीत है', बंगाल में BJP की प्रचंड जीत पर विपक्षी नेता संजय राउत ने ये क्यों कहा?
Bengal Election Result 2026: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव नतीजों पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बंगाल चुनाव पर इन्होंने कहा ममता 'दीदी' को 'जिस प्रकार से हराया गया', वो लोकतंत्र की जीत नहीं है।
राउत ने चुनाव आयोग को बीजेपी का गठबंधन सहयोगी बताया, आरोप लगाया कि 90 लाख वोट हटाए गए और आयोग निष्पक्ष नहीं रहा। उन्होंने कहा, "जब कोई दीया बुझता है तो उसकी ज्योत बढ़ जाती है। राजनीति में ऐसी हवा चलती है। एक दिन वे लोग भी ऐसी हवा के लिए तरस जाएंगे।"

'यह लोकतंत्र नहीं मोदी-शाह की जीत है'
संजय राउत ने कहा, "मेरा मानना है कि यह लोकतंत्र की जीत नहीं है। यह निश्चित रूप से पीएम मोदी और अमित शाह की जीत है। जैसा कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में हुआ, लाखों मतदाताओं के नाम SIR के माध्यम से हटा दिए गए थे, और उन्हें वोट देने का अधिकार नहीं मिला।"
संजय राउत बोले- परिणाम तय होते हैं फिर चुनाव कराए जाते हैं
राउत ने आगे जोड़ा, "जीत और हार के बीच 11 लाख वोटों का अंतर है। अगर 9 लाख वोट काट दिए जाते हैं, तो यह पीएम मोदी और अमित शाह की जीत कैसे हो सकती है?... मैंने पाकिस्तान, रूस और अज़रबैजान में इस तरह के चुनाव देखे हैं। इस तरह का चुनाव, चुनाव भी नहीं है। परिणाम पहले से तय होते हैं, और फिर चुनाव कराए जाते हैं।
'लोकतंत्र न कभी हारेगा, न कभी मरेगा'
लोकतंत्र पर राउत ने कहा, "लोकतंत्र न कभी हारेगा, न कभी मरेगा क्योंकि आज भी देश के लोग जिंदा हैं। वे मुर्दे नहीं बने हैं। जब समय आएगा तब इस देश की लोकशाही फिर आसमान को छूएगी।" उन्होंने आगे कहा कि चुनाव में हार-जीत स्वाभाविक है, पर अगर चुनाव निष्पक्ष हो तो परिणाम स्वीकार्य होते हैं।
'हिंदुओं का सबसे ज्यादा अपमान भाजपा करती है'
हिंदुओं के कथित अपमान से जुड़े सवाल पर राउत ने भाजपा पर सीधे हमला बोला। उन्होंने पूछा, "ममता बनर्जी ने भी किया था क्या? इस देश में सबसे ज्यादा अपमान अगर हिंदुओं का कोई करता होगा वो भारतीय जनता पार्टी है। हिंदू अब जागेगा।"
बंगाल में पहली बार बनने जा रही भाजपा सरकार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की, 207 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार सरकार बनाने की तैयारी है। इस जीत में सुभेंदु अधिकारी की अहम भूमिका रही; उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से ज्यादा वोटों से हराया और नंदीग्राम सीट भी जीती जहाँ पिछली बार भी उन्होंने ममता बनर्जी को शिकस्त दी थी।














Click it and Unblock the Notifications