अमृता फडणवीस से डिजाइनर जयसिंघानी ने मांगे थे 10 करोड़, जानिए क्या है पूरा विवाद और पुलिस ने क्या कहा?
Amruta Fadnavis and Anshika Jaisinghani case: डिजाइनर अनिक्षा और उसके पिता के खिलाफ महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस से 10 करोड़ वसूलने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

Amruta Fadnavis and Anshika Jaisinghani case: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को कथित रूप से धमकाने और ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी पर अब पुलिस ने नई धारा जोड़ी है। मुंबई पुलिस ने जयसिंघानी के खिलाफ फिरौती की धारा जोड़ी है। मुंबई पुलिस का कहना है कि अमृता फडणवीस से जयसिंघानी ने 10 करोड़ रुपये वसूलने की कोशिश की थी।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "अमृता फडणवीस से रिश्वत मांगने और दो वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाली डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 385 जोड़ी गई है।"
जानिए क्या है अमृता फडणवीस बनाम अनिक्षा जयसिंघानी का मामला?
जयसिंघानी को 16 मार्च को उल्हासनगर से गिरफ्तार किया गया था। अमृता ने मुंबई पुलिस में डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद गिरफ्तारी हुई। अमृता ने आरोप लगाया था कि उन्हें एक परिचित (अनिक्षा जयसिंघानी) द्वारा धमकाया गया है और 10 करोड़ की रिश्वत देने के लिए कहा गया था।
जबकि 20 फरवरी को जयसिंघानी और उनके पिता अनिल जयसिंघानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें अमृता को 1 करोड़ की रिश्वत देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्राथमिकी के कुछ दिनों बाद अमृता फडणवीस के साथ जबरन वसूली की कोशिश की गई थी।
वीडियो वायरल करने की दे रही थी धमकी
न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया, ''आरोपी महिला (अनिक्षा जयसिंघानी) ने अमृता फडणवीस को दो वीडियो भेजे थे और उन्हें वायरल करने की धमकी दी थी। आरोपी महिला ने कहा था कि 10 करोड़ की रिश्वत नहीं मिली तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।''
पुलिस ने कहा कि दोनों वीडियो आरोपी महिला द्वारा नहीं बनाए गए थे। मुंबई पुलिस ने कहा कि वे उस व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं जिसने वीडियो बनाई थी।
अमृता फडणवीस को पहले से जानती हैं अनिक्षा जयसिंघानी
पुलिस ने कहा कि अनिक्षा जयसिंघानी अमृता को 16 महीने से अधिक समय से जानती थी। पुलिस ने कहा कि अमृता को जब धमकी भरे फोन पर कॉल और मैसेज मिले तो उन्होंने मालाबार हिल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस फिलहाल अनिक्षा के पिता और इस केस में दूसरे आरोपी अनिल जयसिंघानी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी 16 मामलों में वांछित है और पांच साल से फरार है।












Click it and Unblock the Notifications