बप्पा की विदाई के बाद अमृता फडणवीस ने संभाली बीच क्लीनिंग की कमान, अक्षय कुमार सहित हजारों लोगों ने बंटाया हाथ
Amruta Fadnavis Beach Cleanup Drive: गणेश चतुर्थी का पर्व भक्ति, उत्साह और धूमधाम के बीच मनाया जाता है। महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी का त्योहार खास तौर पर, बहुत बड़े स्तर पर मनाते हैं। दस दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में बप्पा की मूर्तियां घर-घर और पंडालों में स्थापित की जाती हैं। लेकिन जब बप्पा की विदाई होती है, तो समुद्र तटों, नदी और तालाब के किनारों पर मूर्तियों और पूजा सामग्री का ढेर लग जाता है।
यही कारण है कि विसर्जन के अगले दिन मुंबई के बीचों पर सफाई की सबसे बड़ी चुनौती सामने आती है। इस बार गणेश विसर्जन 2025 के अगले ही दिन मुंबई में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। हजारों लोग मिलकर विसर्जन के अगले दिन समुद्र किनारे की सफाई के लिए जुटे। इस बीच क्लीनिंग ड्राइव की अगुवाई अमृता फडणवीस ने की, जिसमें बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार भी शामिल हुए।

दिव्यज फाउंडेशन की प्रमुख अमृता फडणवीस के नेतृत्व में, BMC और मुंबई पुलिस के सहयोग से बड़े स्तर पर बीच क्लीनिंग ड्राइव का आयोजन हुआ। इस अभियान में करीब 2000 से अधिक नागरिक, स्वयंसेवक और अधिकारी शामिल हुए।
ये भी पढ़ें: AI Use In Mumbai: मुंबई में गणेश विसर्जन के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल, रहेगी चप्पे-चप्पे पर नजर
अक्षय कुमार भी बने सफाई अभियान का हिस्सा
इस पहल को और खास बनाया बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने। वे खुद समुद्र किनारे बप्पा की मूर्तियों के अवशेष और पूजा सामग्री की सफाई करते दिखाई दिए। उनके साथ BMC कमिश्नर भूषण गगरानी, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक अमित साटम, उद्योगपति निरंजन हीरानंदानी और कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं।
अमृता फडणवीस का संदेश
अभियान की अगुवाई कर रहीं अमृता फडणवीस ने कहा कि गणेश उत्सव खुशी और एकजुटता का प्रतीक है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। उन्होंने कहा, "बीच क्लीनअप सिर्फ एक शुरुआत है, हम चाहते हैं कि हर मुंबईवासी शहर को स्वच्छ और हराभरा बनाने में योगदान दे।"
अक्षय कुमार ने की अपील
अभियान में हिस्सा लेते हुए अक्षय कुमार ने कहा, "यह पहल नागरिकों और प्रशासन के साथ मिलकर काम करने का शानदार उदाहरण है। मुझे गर्व है कि मैं इस मुहिम का हिस्सा हूं। हर मुंबईवासी को चाहिए कि वह आगे आकर समुद्र तटों को स्वच्छ बनाए।"
BMC और सरकार का समर्थन
BMC कमिश्नर भूषण गगरानी ने कहा कि मुंबई को स्वच्छ और टिकाऊ बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। वहीं, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने साफ किया कि यह पहल समाज में मूल्यों को मजबूत करने के लिए है। उन्होंने कहा कि जैसे युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए प्रशिक्षित किया जाता है, वैसे ही समाज को भी पर्यावरण की रक्षा करना सिखाना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: Ganesh Visarjan 2025 Muhurat : गणेश विसर्जन आज, जानिए क्या है बप्पा की विदाई का मुहूर्त?












Click it and Unblock the Notifications