महाराष्ट्र में 7 अक्टूबर से खुलेंगे धार्मिक स्थल, मुख्यमंत्री ने जारी किया आदेश
नई दिल्ली, 24 सितंबर: महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। मार्च-अप्रैल में जब वहां पर कोरोना की दूसरी लहर आई, तो सरकार ने लॉकडाउन लागू कर दिया था। इसके बाद अनलॉक की प्रक्रिया तो शुरू हुई, लेकिन धार्मिक स्थलों को कोरोना के चलते बंद ही रखा गया। इस फैसले की काफी आलोचना भी हुई। जिसको देखते हुए अब उद्धव सरकार ने एक अहम फैसला लिया है।
Recommended Video

महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर लिखा कि राज्य के सभी धार्मिक स्थलों को 7 अक्टूबर से खोला जा सकेगा। इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसी दिन से नवरात्रे भी शुरू होंगे। सीएम कार्यालय ने साफ किया कि धार्मिक स्थल खोलने की इजाजत सरकार ने दे दी है, लेकिन वहां आने वाले भक्तों को कोविड गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। सभी अधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
बीजेपी ने किया था विरोध
बीजेपी महीनों से धार्मिक स्थल खोलने की मांग कर रही थी। हाल ही में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा था कि राज्य सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही है। जिस वजह से बीजेपी मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, जैन मंदिर खोलने के लिए शंखनाद आंदोलन कर रही है।
महाराष्ट्र में कितने केस?
राज्य में अब तक कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 65,34,557 है। जिसमें 1,38,725 की मौत हुई है, जबकि 63,53,079 ठीक हो चुके हैं। ऐसे में एक्टिव केस की संख्या 39,191 ही है। वहीं शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पूरे देश में पिछले 24 घंटों में 31,382 कोरोना के नए मामले सामने आए और 318 लोगों की मौत हुई। ऐसे में देश में कोरोना से होने वाली कुल मौतों की संख्या 4,46,368 है। वहीं अब तक डिस्चार्ज हुए लोगों की संख्या 3,28,48,273 है।












Click it and Unblock the Notifications