कौन हैं नवाब मलिक जिनकी गिरफ्तारी से गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति, कितनी संपत्ति के मालिक?
मुंबई, 23 फरवरी। महाराष्ट्र सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रवक्ता नवाब मलिक को ईडी ने गिरफ्तार किया है। ईडी की टीम सुबह से ही मलिक से पूछताछ कर रही थी। लगभग सात घंटे की पूछताछ के बाद ईडी कार्यालय से बाहर आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। सत्ताधारी शिवसेना और एनसीपी ने मलिक पर ईडी की कार्रवाई को केंद्र के इशारे पर कई गई कार्रवाई बताया है। नवाब मलिक पिछले काफी समय से चर्चा में रहे हैं। उन पर हुई कार्रवाई ने भी तूल पकड़ा हुआ है। आइए आपको बताते हैं कि नवाब मलिक कौन हैं और वे कितनी संपत्ति के मालिक हैं। इससे पहले ये बताते हैं कि उन पर किस मामले में कार्रवाई की गई है।

नवाब मलिक के खिलाफ क्या है मामला?
नवाब मलिक से ईडी ने कुर्ला की उस जमीन के संदर्भ में पूछताछ की थी जिसे उन्होंने कई साल पहले बेहद सस्ते दाम में खरीदा था। आरोप है कि उन्होंने यह जमीन अंडरवर्ल्ड के लोगों से खरीदी है। मलिक के ऊपर यह गंभीर आरोप महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कुछ महीने पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाया था। जिसमें फडणवीस ने कहा था कि मलिक ने इस जमीन की कीमत कम दिखाई ताकि स्टांप ड्यूटी कम भरनी पड़े।
सूत्रों का कहना है कि नवाब मलिक से अंडरवर्ल्ड डान दाउद इब्राहीम के मनी लॉण्ड्रिंग से जुड़े मामले में भी ईडी ने पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किए गए इकबाल कासकर की गवाही पर ईडी ने नवाब मलिक से पूछताछ की है।

आर्यन खान के मामले में देश भर में चर्चा में आए थे मलिक
एनसीपी नेता नवाब मलिक का नाम महाराष्ट्र की राजनीति में नया नहीं है लेकिन पहली बार वे देश भर में तब चर्चा में आए थे जब एनसीबी की कार्रवाई में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को एक क्रूज से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में नवाब मलिक खुलकर सामने आए थे और उन्होंने एनसीबी के उस समय के जोनल डायरेक्टर के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया था। पूरे मामले में एनसीबी तक को सफाई के लिए उतरना पड़ा था।
Recommended Video

मलिक और समीर वानखेड़े विवाद
नवाब मलिक ने एनसीबी पर शाहरुख से वसूली में नाकाम होने पर उनके बेटे को फंसाने का आरोप लगाया था। यही नहीं नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े के निजी जीवन पर भी गंभीर खुलासे किए थे। जिसमें वानखेड़े पर धर्म बदलकर शादी करने जैसे गंभीर आरोप भी थे। मलिक ने वानखेड़े को वसूली का रैकेट चलाने वाला अधिकारी भी कहा था। वानखेड़े पर फर्जी दस्तावेज के जरिए नौकरी लेने का आरोप भी उन्होंने लगाया था।

मलिक पर अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन का आरोप
मलिक पर अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन का आरोप पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने लगाया था। फडणवीस ने दो नाम लिए थे एक सरदार वली शाह खान जिस पर मुंबई बम धमाकों की रेकी करने का आरोप है और वह उम्र कैद की सजा काट रहा है। दूसरा नाम मोहम्मद सलीम पटेल का है जो दाउद की बहन हसीना पारकर का बॉडीगार्ड था। हसीना की सारी जमीन मोहम्मद सलीम पटेल के नाम ही लिस्ट होती थी।
फडणवीस ने बताया मलिक ने इन दो आरोपियों से कुर्ला के पास करीब तीन एकड़ की जमीन खरीदी थी जिसके लिए बेहद कम कीमत अदा की गई थी। फडणवीस ने खुलासा किया कि जब यह जमीन खरीदी गई तो आरोपियों के खिलाफ टाडा के तहत मुकदमा चल रहा था। उन्होंने सवाल किया था क्या नवाब मलिक को इन दोनों के बारे में मालूम नहीं था? आखिर उन्होंने टाडा के आरोपियों से जमीन क्यों खरीदी?

यूपी में हुआ था नवाब मलिक का जन्म
नवाब मलिक वर्तमान में महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन वाली महाविकास अघाड़ी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हैं। नवाब मलिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। नवाब मलिक का परिवार बलरामपुर के उतरौला तहसील क्षेत्र के धुसवा गांव में रहता था और यहीं पर 1959 में नवाब मलिक का जन्म हुआ था। 1970 में नवाब मलिक के परिवार के लोग मुंबई में रहने चले गए थे और फिर वहीं रहने लगे। नवाब मलिक ने हाई स्कूल की पढ़ाई अंजुमन हाई स्कूल से और बुरहानी कॉलेज से नवाब मलिक ने बारहवीं किया।

कितनी संपत्ति के मालिक हैं नवाब मलिक?
नवाब मलिक ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में दिए हलफनामे में अपनी संपत्ति के बारे में जानकारी दी है। हलफनामे के मुताबिक नवाब मलिक का कुल संपत्ति 5 करोड़ 74 लाख 69 हजार बताई गई है।
नवाब मलिक ने बताया है कि उनके ऊपर 45 लाख रुपये का लोन है। इसके अलावा नवाब मलिक और उनकी पत्नी महजबीन मलिक की कई कंपनियों में हिस्सेदारी भी है। इनमें मलिक स्टील, हीरा डायमंड, मलिका इंफ्रा समेत कई फर्म में उनकी हिस्सेदारी है।
नवाब मलिक ने हलफनामे में बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर एक स्कोडा कार रजिस्टर्ड है। उनकी पत्नी के नाम पर भी एक कार रजिस्टर्ड है। अभी नवाब मलिक का अपने मूल स्थान उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से भी संबंध बना हुआ है। यहां पर उनकी और उनकी पत्नी के नाम कई एकड़ कृषि योग्य जमीन है। साथ ही उनके पास महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में भी कृषि भूमि है।












Click it and Unblock the Notifications