Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार का विमान हादसा या साजिश? सच से इस तारीख को उठेगा पर्दा
Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार के विमान लीयरजेट 45 (VT-SSK) हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जल्द आ सकती है। 28 जनवरी को हुए इस हादसे पर पवार परिवार के ही सदस्यों ने सवाल उठाए हैं। उनके भतीजे और एनसीपी नेता (शरद पवार गुट) रोहित पवार इसे साजिश करार दे चुके हैं। दिवंगत नेता के बेटे जय पवार भी हादसे की जांच की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट 26-27 फरवरी तक जारी होने की संभावना है। जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक विमान में दो फ्लाइट रिकॉर्डर लगे थे। एक 'डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर' (DFDR) था, जिसे एल3 कम्युनिकेशन (L3 Communications) ने तैयार किया था। इसका डेटा नई दिल्ली के एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इनवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की लैब में सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है।

Ajit Pawar Plane Crash: विमान हादसे की हो रही डिटेल जांच
- हालांकि, आग में क्षतिग्रस्त हुए 'कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर' (CVR) से अब तक डेटा हासिल नहीं हो सका है। यह रिकॉर्डर हनीवेल कंपनी ने बनाया था। डेटा रिकवरी के लिए संबंधित विदेशी कंपनी से तकनीकी सहायता मांगी गई है।
- विमान दुर्घटना की औपचारिक जांच AAIB कर रहा है। हादसे के बाद नागर विमानन मंत्रालय ने छोटी चार्टर और निजी विमानन कंपनियों के सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी शुरू कर दी है।
- इसके लिए संबंधित कंपनी वीएसआर वेंचर प्राइवेट लिमिटेड का विशेष सुरक्षा ऑडिट भी किया जा रहा है।
- यह विमान 28 जनवरी को महाराष्ट्र के बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हुई थी।
Ajit Pawar Plane Crash: कई नेताओं ने की जांच की मांग
दुर्घटना के बाद अजित पवार के बेटे जय पवार और भतीजे रोहित पवार ने हादसे की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि दुर्घटना के पीछे गंभीर चूक हो सकती है। जय पवार ने यह भी कहा कि ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता और इसकी तकनीकी जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने संबंधित विमानन कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की। उनका कहना है कि महाराष्ट्र की जनता को इस हादसे की पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है। प्रारंभिक रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications