महाराष्ट्र: गृहमंत्री पाटिल के साथ काम करने वाले 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली, 7 जनवरी: पूरे देश में कोरोना महामारी का कहर फिर से तेज हो गया है, जहां शुक्रवार को एक लाख से ज्यादा मरीज पॉजिटिव पाए गए। सबसे ज्यादा चिंताजनक हालात महाराष्ट्र के हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं। अब राज्य के गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल के स्टाफ से 20 सदस्यों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी शुक्रवार को उनके कार्यालय ने दी।

वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र में रोजाना के केस में काफी उछाल देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोरोना के 36265 मामले सामने आए, जबकि 13 लोगों की मौत हुई। इसमें सबसे ज्यादा 20 हजार मामले राजधानी मुंबई से ही थे। वहां पर 33.06 फीसदी की रफ्तार से मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिस धारावी इलाके में कोरोना पूरी तरह से कंट्रोल में था, वहां पर बीते 24 घंटों में मरीजों की संख्या 107 रही।
क्या मुंबई में लगेगा लॉकडाउन?
कुछ दिनों पहले मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि अगर राजधानी में रोजाना के मामले 20 हजार से ऊपर जाते हैं, तो केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक लॉकडाउन लागू किया जाएगा। मेयर के मुताबिक कोई भी लॉकडाउन नहीं चाहता है, लेकिन अगर संक्रमण में ज्यादा बढ़ोतरी हुई तो दूसरा कोई उपाय नहीं रहेगा। वहीं दूसरी ओर सूत्रों ने दावा किया कि गुरुवार शाम एनसीपी प्रमुख शरद पवार की स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि सरकार आंकड़ों पर करीब से नजर बनाए हुए है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री ही लेंगे।
देश के हालात चिंताजनक
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,17,100 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 302 लोगों ने जान गंवाई। इसके अलावा देश में इस अवधि में कुल 30836 लोग ठीक हुए। ऐसे में अब एक्टिव केस की संख्या 3,71,363 है। हालांकि देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 4,83,178 हो गया है। मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 149.66 करोड़ वैक्सीन डोज लोगों को दी जा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications