शिवपुरी:'आज मैं उसे थप्पड़ देकर बाहर निकालती', बीजेपी जिला अध्यक्ष से बोलीं नगर पालिका अध्यक्ष
शिवपुरी में नगर पालिका अध्यक्ष का वीडियो हुआ वायरल, सासंद प्रतिनिधि को थप्पड़ मारने की कह रही हैं बात
शिवपुरी, 27 सितम्बर। शिवपुरी में इन दिनों बीजेपी में घमासान मचा हुआ है। बीजेपी के कुछ नेता एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहा रहे हैं। ऐसा ही मामला उस वक्त सामने आया जब बीजेपी की नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने बीजेपी के जिला अध्यक्ष के सामने नगरपालिका की उपाध्यक्ष के पति को थप्पड़ मारने की बात तक कह डाली। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Recommended Video

नगर पालिका में आयोजित हुआ था प्रथम सम्मेलन
नगर पालिका शिवपुरी का प्रथम सम्मेलन सोमवार को आयोजित हुआ था। प्रथम सम्मेलन में नगरपालिका की उपाध्यक्ष के पति राम जी व्यास भी शामिल होने के लिए पहुंच गए। यह देखकर बीजेपी की ही नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री देवी का पारा चढ़ गया और वह सीधा बीजेपी के जिला अध्यक्ष के पास पहुंच गईं।

जिला अध्यक्ष के सामने कही थप्पड़ मारने की बात
नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा बीजेपी के जिला अध्यक्ष राजू बाथम के पास पहुंच गईं। उनके साथ उनके समर्थक भी मौजूद थे। नगर पालिका अध्यक्ष ने राजू बाथम के सामने दो टूक यह बात कह दी कि राम जी व्यास की किस्मत अच्छी थी नहीं तो मैं उसमें थप्पड़ मारकर बाहर निकाल देती। यह सुनकर बीजेपी जिला अध्यक्ष भी कुछ देर के लिए सन्न रह गए।

सांसद ने एक दिन पहले ही बनाया था राम जी व्यास को अपना प्रतिनिधि
सांसद के पी यादव ने एक दिन पहले ही नगरपालिका की उपाध्यक्ष के पति राम जी व्यास को अपना प्रतिनिधि बना दिया था और सांसद प्रतिनिधि की हैसियत से राम जी व्यास नगर पालिका के सम्मेलन में शामिल हुए थे। नियमानुसार नगर पालिका की बैठक में महिला जनप्रतिनिधियों के परिजनों को प्रवेश नहीं है लेकिन उपाध्यक्ष के पति राम जी व्यास सांसद प्रतिनिधि की हैसियत से नगर पालिका के सम्मेलन में मौजूद रहे।

बीजेपी की कलह आई सामने
नगर पालिका के अध्यक्ष गायत्री शर्मा बीजेपी पार्टी से हैं और नगर पालिका की उपाध्यक्ष भी बीजेपी पार्टी से ही हैं। बावजूद इसके दोनों ही एक दूसरे के कट्टर विरोधी हैं। यही वजह है कि गायत्री शर्मा जिला अध्यक्ष के सामने इस तरह खुलेआम राम जी व्यास को चांटा मारने की बात कहती हुई नजर आईं। इस बात से साफ जाहिर हो जाता है कि शिवपुरी में बीजेपी के अंदर घमासान मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications