उमा भारती के ‘हनुमान' को सागर में मिली करारी शिकस्त, जनता ने नकारा
सागर, 18 जुलाई। भाजपा की फायर ब्रांड लीडर उमा भारती के 'हनुमान' सागर से वार्ड पार्षद का चुनाव हार गए। उमा ने पार्टी से अड़कर यहां भाजपा प्रत्याशी का एक टिकट कटवाकर अपने कट्टर समर्थक को टिकट दिलाया था। आखिर वहीं हुआ, यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी ने उमा भारती के खासमखास को करीब 676 वोटों से शिकस्त दे डाली। वह भी ऐसे दौर में जब सागर में भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है।

बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय और भाजपा के गढ़ सागर में उमा भारती के सबसे खासमखास व कट्टर समर्थक को करारी हार का सामना करना पडा है। बता दें कि सागर के इतवारी वार्ड क्रमांक 30 से भाजपा के टिकट पर राजेश उर्फ रिंकू नामदेव पार्षद का चुनाव लड़ रहे थे। उन्हें कांग्रेस के बब्बू यादव ने 676 वोट से हराया है। भाजपा की टिकट की सूची जारी होने के बाद यहां से कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के सिपहसालार माने जाने वाले भाजपा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह का टिकट काटकर राजेश नामदेव को दिया था। यह टिकट उमा भारती के कहने के बाद भोपाल से आलाकमान ने बदलवाया था।
उमा ने प्रदेशाध्यक्ष को फोन लगाकर टिकट मांग था
सागर से इतवारी वार्ड में भाजपा का टिकट लक्ष्मण सिंह को जारी होने के बाद उमा भारती ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा को फोन पर इस वार्ड से राजेश उर्फ रिंकू नामदेव को टिकट देने की बात कही थी। इसके बाद भूपेंद्र सिंह खेमे से लेकर भोपाल तक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा था। उमा भारती की बात टाल नहीं सकते थे, उन्होंने केवल एक टिकट पूरे संभाग में मांगा था, अत: रिंकू नामदेव को टिकट दे दिया गया था। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद इस वार्ड से उमा समर्थक को महज 688 वोट मिल सके, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बब्बू यादव को 1364 वोट मिले हैं। जीत-हार में करीब दोगुने का अंतर है।
उमा ने चलती ट्रेन से वीडियो बनाकर अपील की थी
उमा भारती भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति से वापस लौट रही थीं, उन्होंने चुनाव में रिंकू नामदेव की कमजोर स्थिति को देखते हुए चलती ट्रेन में एक वीडियो बनाकर सागर भेजा था। इसमें उन्होंने रिंकू को अपना छोटा भाई और हनुमान बताते हुए कहा था, रिंकू गरीब परिस्थिति का है, वह मेरे लिए हनुमान के जैसा है, उसके टिकट को लेकर भाजपा के एक बडे नेता षडयंत्र कर टिकट कटवाने का प्रयास किया था। उन्होंने सभी से रिंकू को जिताने और समर्थने देने की अपील की थी। बावजूद इसके मतदाताओं ने रिंकू को वोट नहीं दिए।












Click it and Unblock the Notifications