IND vs AFG Preview: मुल्लांपुर में होगा पहले टेस्ट का आगाज, आखिर कौन किस पर पड़ेगा भारी?
IND vs AFG Preview: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में शनिवार यानी 6 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (मुल्लांपुर) देश का 31वां टेस्ट वेन्यू बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला यह इकलौता टेस्ट मैच इस खूबसूरत मैदान का पहला आधिकारिक रेड-बॉल (टेस्ट) मुकाबला होगा।
बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही भारतीय टीम (IND vs AFG Preview)
पंजाब में इससे पहले मोहाली और जालंधर टेस्ट मैचों की मेजबानी कर चुके हैं और अब मुल्लांपुर इस लिस्ट में नया नाम है। भले ही यह मुकाबला आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का हिस्सा नहीं है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से यह बेहद अहम है। टीम इंडिया इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर्स की अनुपस्थिति में यह मैच चयनकर्ताओं को साल के अंत में होने वाले श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरों के लिए एक मजबूत बेंच स्ट्रेंथ और भविष्य के विकल्प तलाशने का शानदार मौका देगा।

कप्तान शुभमन गिल के सामने कड़ी चुनौती?
यह मुकाबला भारतीय टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल के लिए बेहद भावुक और खास होने वाला है। पंजाब से ताल्लुक रखने वाले गिल पहली बार अपने घरेलू मैदान पर भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभालेंगे। उनके साथ पंजाब के ही तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को भी टीम में शामिल किया गया है। मैच से पहले टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा सवाल नंबर-3 की बल्लेबाजी पोजीशन को लेकर है। इस स्थान के लिए दो युवा प्रतिभावान बल्लेबाजों के बीच कड़ी टक्कर है।
साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल में किसे मिलेगा मौका
साई सुदर्शन ने हालिया घरेलू सीजन में अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया है। दूसरी तरफ देवदत्त पडिक्कल पहले ही दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं और उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का थोड़ा अनुभव है। इस मैच में जिसे भी मौका मिलेगा, उसके पास एक बड़ी पारी खेलकर भविष्य के लिए अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा अवसर होगा।
डोमेस्टिक क्रिकेट के तीन सुपरस्टार्स पर रहेगी नजर
इस टेस्ट सीरीज के लिए घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने और विकेटों की झड़ी लगाने वाले तीन नए चेहरों को भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया है। चयनकर्ता रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा (आराम पर) के बाद स्पिन-ऑलराउंडर के लॉन्ग-टर्म विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हर्ष दुबे का फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड अद्भुत है। उन्होंने 27 मैचों में 23.26 की औसत से 133 विकेट चटकाए हैं, जिसमें 9 बार पांच विकेट (5-Fer) शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से 1,026 रन भी बनाए हैं। हाल ही में वे आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे।
मानव सुथार ने 29 मैचों में 129 विकेट लिए हैं और बल्ले से एक शतक के साथ 945 रन बनाए हैं। आईपीएल में वे गुजरात टाइटंस की ओर से खेल चुके हैं। गुरनूर ब्रार ने 18 फर्स्ट-क्लास मैचों में 52 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 रन देकर 5 विकेट है।
8 साल पुराने इतिहास को बदलने उतरेगी अफगान टीम
दोनों टीमों के बीच टेस्ट इतिहास का यह केवल दूसरा मुकाबला है। इससे पहले जून 2018 में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमें टकराई थीं, जहां भारत ने अफगानिस्तान को महज दो दिनों के भीतर एक पारी और 262 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया था। अनुभव के मामले में टीम इंडिया का पलड़ा बेहद भारी है। 2018 के बाद से भारत ने जहां 67 टेस्ट खेले हैं, वहीं अफगानिस्तान को केवल 11 टेस्ट खेलने का अनुभव है। अकेले ऋषभ पंत ने अफगानिस्तान की पूरी टीम के कुल मैचों से अधिक टेस्ट खेले हैं।
हालांकि, कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई में अब अफगान टीम पहले से अधिक परिपक्व है और वे भारत को कड़ी टक्कर देने की कोशिश करेंगे। पुराने मैच से भारत की तरफ से केवल केएल राहुल (उपकप्तान) और अफगानिस्तान की ओर से शाहिदी व रहमत शाह ही इस स्क्वाड का हिस्सा हैं।
खिलाड़ियों के लिए मौसम होगी कड़ी चुनौती
उत्तर भारत में इस समय गर्मी अपने चरम पर है और मुल्लांपुर में भी शनिवार को तापमान 39°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है। आईपीएल 2026 और यूनाइटेड किंगडम (UK) के लंबे दौरे के तुरंत बाद आ रहे खिलाड़ियों के लिए इस भीषण गर्मी में पांच दिनों तक मैदान पर टिके रहना शारीरिक और मानसिक रूप से एक कठिन परीक्षा होगी। खिलाड़ियों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह, अफसर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंग्याल खरोटे, बिलाल समी, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम, जियाउर रहमान।















Click it and Unblock the Notifications