रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शकूरबस्ती डिपो का किया निरीक्षण, कर्मचारियों से सीधा संवाद कर जानी समस्याएं
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शकूर बस्ती अनुभाग और डिपो का दौरा किया, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की और चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों की चिंताओं को मौके पर ही संबोधित किया, शीघ्र समाधान और बेहतर यात्री सेवाओं, सुरक्षा और रेल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण पर जोर दिया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को उत्तर रेलवे के तिलक ब्रिज से शकूरबस्ती रेल सेक्शन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और प्रगति कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने शकूरबस्ती डिपो में कार्यरत कर्मचारियों, मेंटेनेंस स्टाफ और अन्य रेलकर्मियों से सीधे संवाद किया। सौहार्दपूर्ण और आत्मीय माहौल में उन्होंने कर्मचारियों के अनुभव सुने तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
रेल मंत्री ने रेलकर्मियों से उनके दैनिक कार्यों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और समस्याओं की जानकारी ली। कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए और समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निवारण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
विकास कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने रेल अवसंरचना, रखरखाव व्यवस्था और परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और रेल सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाना है, साथ ही रेलकर्मियों की कार्य परिस्थितियों को भी बेहतर करना है।












Click it and Unblock the Notifications