रातभर चोरों ने तोड़ी पत्थर की दीवार लेकिन बिना चोरी किए लौट गए चोर, जानें पूरा मामला
शिवपुरी के जाखनौद गांव में चोर रातभर पत्थर की दीवार तोड़ते रहे, दीवार के उस पार भूसा मिलने पर बिना चोरी किए ही लौटे
शिवपुरी, 4 जुलाई। शिवपुरी में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पोहरी के जाखनौद गांव में चोरों ने एक घर की रात भर दीवार खोदी लेकिन जब देखा तो दीवार के उस पार सिर्फ भूसा ही भरा मिला। निराश और हताश हो चुके चोर बिना कुछ लिए ही वापस चले गए। हालांकि इस मामले की शिकायत घर के मालिक ने पोहरी थाने में भी दर्ज कराई है।

जाखनौद गांव में अज्ञात चोरों ने बहादुर यादव के घर को निशाना बनाते हुए वहां चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। चोरी करने की नियत से चोर बहादुर यादव के घर के पिछले हिस्से में पहुंच गए और यहां उन्होंने घर की पत्थर की दीवार को तोड़ना शुरू कर दिया।
रात भर चोर तोड़ते रहे पत्थर की दीवार
चोरों ने सोचा कि दीवार तोड़कर घर के अंदर प्रवेश कर जाएंगे और उन्हें चोरी के लिए बहुत सारा सामान मिल जाएगा इसी उम्मीद में चोर रात भर पत्थर की दीवार को तोड़ने में जुटे रहे।
दीवार में छेद हुआ तो हैरान रह गए चोर
चोर रात भर पत्थर की दीवार को तोड़ने में जुटे रहे। चोरों की मेहनत भी रंग लाई और पत्थर की दीवार भी टूट गई लेकिन दीवार के उस पार चोरों ने जो देखा उसे देखकर चोर हैरान रह गए, क्योंकि दीवार की दूसरी तरफ चोरी के लिए कोई सामान नहीं बल्कि मवेशियों के खाने के लिए भूसा भरा हुआ था।
सुबह होने पर लोगों को लगी घटना की जानकारी
सुबह का उजाला होने पर घर के मालिक समेत गांव के अन्य लोगों ने देखा कि बहादुर यादव के घर के पिछले हिस्से में चोरों ने चोरी करने की उद्देश्य दीवार तोड़ दी है लेकिन दीवार की दूसरी तरफ भूसा होने की वजह से चोर चोरी नहीं कर सके। हालांकि मकान मालिक ने इस बात की शिकायत पोहरी थाने में दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications