मोदी कैबिनेट में MP के सबसे गरीब मंत्री को जानते हैं आप? जानिए प्रदेश के सभी पांच सांसदों की संपत्ति का ब्यौरा
Modi Cabinet: मध्य प्रदेश से मोदी कैबिनेट में कुल पांच लोगों को जगह मिली है। पुराने दो चेहरों को ही रिपीट किया गया है। वहीं, तीन नए लोगों को मौका दिया गया है। शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्री बनाया गया है। उनके पास पंचायत और ग्रामीण विकास की भी जिम्मेदारी है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेन्द्र खटीक को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उइके राज्यमंत्री बने हैं। आइए जानते हैं कि मध्य प्रदेश से मंत्री बने लोगों की संपत्ति कितनी है। आठवीं बार सांसद बने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक सबसे गरीब हैं।

शिवराज सिंह चौहान पहली बार बने केंद्र में मंत्री
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार केंद्र में मंत्री बने हैं। वह विदिशा से 6 बार चुनाव जीतकर सांसद बने हैं। केंद्र में मंत्री बनने से पहले वह लगभग 18 वर्षों तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान एमपी में मामा के नाम से मशहूर हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में बुधनी सीट से जीत हासिल की थी। शिवराज सिंह चौहान ने फिलॉस्पी में एमए किया है। साथ ही गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 3.2 करोड़ रुपए की है।
सबसे गरीब है मोदी कैबिनेट के वीरेंद्र कुमार खटीक
टीकमगढ़ लोकसभा सीट से वीरेंद्र कुमार खटीक आठवीं बार चुनाव जीतकर संसद बने हैं। इसके बाद उन्होंने मोदी कैबिनेट में शामिल होने के लिए मंत्री पद की शपथ ली है। वह पहले भी केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वह चार बार सागर और चार बार टीकमगढ़ लोकसभा सीट से संसद का चुनाव जीते हैं। वीरेंद्र कुमार खटीक ने एबीवीपी से करियर की शुरुआत की थी। वह 70 साल के हैं और पीएचडी होल्डर हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.42 करोड़ रुपए की है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया सबसे अमीर सांसद
वहीं, गुना लोकसभा सीट से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया दूसरी बार मोदी कैबिनेट में मंत्री बने हैं। वह 53 साल के हैं। वह ग्वालियर राजघराने के महाराजा हैं। 2002 में पिता माधवराव सिंधिया के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। सिंधिया ने हावर्ड यूनिवर्सिटी बीए और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया क्रिकेट खेलने का शौक रखते है। उनकी कुल संपत्ति 40.1 करोड़ रुपए की है।
सावित्री ठाकुर एमपी की इकलौती मंत्री
मध्य प्रदेश से इस बार 6 महिला सांसद चुनाव जीती हैं। उन्हीं में से एक धार सांसद सावित्री ठाकुर हैं। सावित्री आदिवासी समुदाय से आती हैं। धार सांसद सावित्री ठाकुर आरएसएस से जुड़ी रही हैं। सावित्री ठाकुर लगातार धार जिले में संघर्ष कर रही हैं। हालांकि शिक्षा की बात करें तो वह 12वीं पास हैं। उनकी कुल संपत्ति 5.3 करोड़ रुपए की है।
दुर्गादास उइके पहली बार बने हैं राज्य मंत्री
वहीं, मोदी कैबिनेट में इस बार एमपी से कुछ नए चेहरों को जगह मिली है। उनमें से एक बैतूल सांसद दुर्गादास उइके हैं। दुर्गादास उइके 58 साल के हैं। वह दूसरी बार बार सांसद बने हैं। उइके आदिवासी समाज से आते हैं। उन्होंने केंद्र में राज्य मंत्री की शपथ ली है। शिक्षा की बात करें तो दुर्गादास उइके एमए और बीएड हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.84 करोड़ रुपए की है।












Click it and Unblock the Notifications