CM जनसेवा अभियान का दूसरा चरण शुरू, 67 सेवाएं तुरंत देने वार्ड स्तर पर लगाए शिविर,अलीराजपुर पहुंचे शिवराज
सीएम शिवराज ने अलीराजपुर में चंद्रशेखर आजाद नगर, जिला अलीराजपुर में स्वतंत्रता सेनानी स्व परथी भाई की मूर्ति पर माल्यार्पण और मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का वितरण किया।

MP News: मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का द्वितीय चरण आज से पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू हो गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान जोबट, अलीराजपुर में इसकी शुरुआत की । ये अभियान 31 मई तक चलेगा। अभियान के दौरान 15 विभागों की 67 तरह की नागरिक सेवाओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
अलीराजपुर में आज सीएम शिवराज सिंह चौहान 332 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अलीराजपुर के रिंगोल पंचायत में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय परथी भाई की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और 297 भूमिहीन परिवारों को भू अधिकार पत्रों का वितरण किया।
221 करोड रुपए ₹97 लाख के विकास कार्यों का भूमि पूजन
सीएम शिवराज ने चंद्रशेखर आजाद नगर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद स्मारक का भूमि पूजन भी किया। इसके बाद सीएम ने जोबट में महिला सम्मेलन में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इस अभियान की शुरुआत करने के साथ अलीराजपुर में 221 करोड रुपए ₹97 लाख के विकास कार्यों का भूमि पूजन और 110 करोड़ रुपए 66 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों से संवाद भी किया। इसके बाद सीएम शिवराज शाम को खट्टाली में स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
खातों में प्रति माह एक हजार रुपये
सीएम शिवराज ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अलीराजपुर जिले में 1 लाख 27 हजार बहनों के खातों में प्रति माह एक हजार रुपये डाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज हमने कई गरीब भाई-बहनों को आवास के पट्टे दिए। मेरा संकल्प है कि कोई गरीब, जनजातीय भाई-बहन बिना जमीन के नहीं रहेगा, उन्हें रहने की जमीन का मालिक बनाया जाएगा।
सीएम हेल्पलाइन पर 15 अप्रैल तक आई शिकायतों का भी होगा निपटारा
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर 15 अप्रैल तक दर्ज लंबित शिकायतों का निराकरण भी सीएम जनसेवा अभियान के दौरान किया जा रहा है। जिन समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव है उनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। बजट की जरूरत वाली समस्याओं, कोर्ट केस और लक्ष्य से अधिक आवेदनों वाले मामलों का निपटारा बाद में किया जाएगा। शिविरों में जगह-जगह प्रभारी मंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications