सुर्खियों में सुरखी: मंत्री की पत्नी ने भक्तों को धमकाया, एसपी से हो गई शिकायत
नेताओं—मंत्रियों पर धमकाने के आरोप लगते ही रहते हैं, लेकिन सागर में मंत्री गोविंद राजपूत की पत्नी द्वारा भागवत कथा के मंच से ग्रामीणों को धमकाने का मामला सामने आया है। मामले में एसपी से भी शिकायत की गई है।

मप्र में सिंधिया के खासमखास मंत्री गोविंद राजूपत और उनका सुरखी विधानसभा क्षेत्र इन दिनों काफी सुर्खियों में बना हुआ हैं। ससुराल से 50 एकड़ जमीन दान, ब्लैकमनी ठिकाने लगाने सहित अन्य आरोपों के बाद अब मंत्री राजपूत की पत्नी सविता राजपूत द्वारा एक भागवत कथा के मंच से ग्रामीणों को धमकाने का मामला सामने आया है। एक वायरल वीडियो में वे ग्रामीणों से कहती नजर आ रही हैं कि यदि नए-नए नेताओं के बीच पड़े तो हमसे बुरा कोई नहीं होगा। इस मामले में मंत्री के विरोधी राजकुमार धानौरा ने एसपी से लिखित शिकायत भी की है।

Recommended Video
मप्र के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के रिश्तेदार और भाजपा से निष्कासित नेता राजकुमार धानौरा ने सागर एसपी को एक शिकायती आवेदन देकर कहा है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में टीला बुजुर्ग गांव में पंडित विपिन बिहारी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हो रहा हैं। इसमें 26 दिसंबर को मंत्री गोविंद राजपूत की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता राजपूत पहुंची थीं। उन्होंने कथा के सार्वजनिक मंच से कथा में मौजूद गांववालों को धमकी देते हुए बोला कि जो नए-नए नेताओं के साथ चल रहे हैं, और नए-नए नेताओं के बीच पड़ हैं, वे हमसे बुरओ कोई ने जानियो... शिकायतकर्ता राजकुमार धनौरा के अनुसार ग्राम वासियों को डराया-धमकाया जा रहा है, जिसका सार्वजनिक वीडियो वायरल हुआ है। इससे पूर्व हीरासिंह राजपूत ने भी जलंधर गांव में सार्वजनिक मंच से धमकी दी थी। मंत्री गोविंद राजपूत के द्वारा भी लोगों को डराया धमकाया जा रहा है।
मंत्री के बड़े भाई-और राजकुमार एक-दूसरे से बता रहे जान का खतरा
सुरखी से लंबे समय पर भाजपा के विभिन्न पदों पर रहकर राजनीति करते रहे व अब निष्कासित राजकुमार सिंह धानौरा ने मंत्री गोविंद राजपूत से जान का खतरा बताया है। उन्होंने ही राजपूत द्वारा ससुराल से 50 एकड़ जमीन दान में लेने और इसके पीछे अपनी काली कमाई को ठिकाने लगाने का आरोप लगाते हुए मामला उजागर किया था। इसके बाद वे सार्वजनिक रुप से मंत्री राजपूत पर जब-तब आरोप लगाकर खुद की हत्या की आशंका को लेकर पुलिस में आवेदन दे चुके हैं। इधर बीते दिना मंत्री के बड़े भाई गुलाब सिंह ने राजकुमार के खिलाफ जान से खतरे का मामला ही दर्ज करा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications