MP में राहुल गांधी बोले- जाति जनगणना OBC, SC और ST की सच्चाई जानने का एक्स-रे है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में आयोजित एक रैली के दौरान फिर से जाति जनगणना कराने के वादे को दोहराया है। उन्होंने इसे एक "एक्स-रे" बताया है। जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दलितों और आदिवासी समुदाय की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थितियों को सामने लाएगा।
कांग्रेस राहुल गांधी के यह बयान समाज के हाशिये पर पड़े वर्गों (ओबीसी, एससी, एसटी) के उत्थान के लिए जाति-आधारित डेटा एकत्र करने के महत्व को उजागर करने के उनके प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है।

राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि ओबीसी और एससी की हिस्सेदारी निर्धारित करना देश के लिए एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है। उन्होंने जाति जनगणना कराने के लिए कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई और इसके सफल कार्यान्वयन पर विश्वास व्यक्त किया।
मध्य प्रदेश के शहडोल में एक सार्वजनिक रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, ओबीसी और एससी समुदायों के लिए हिस्सेदारी क्या होनी चाहिए? यह देश के सामने सवाल है। यही कारण है कि हमने जाति जनगणना का आह्वान किया है
कांग्रेस नेता ने साफ तौर पर कहा कि, हम आपसे झूठ बोलने नहीं आए हैं। जाति जनगणना कराएंगे। चाहे बीजेपी कराए तो हम दबाव डालेंगे। हम कराएंगे। छग, कर्नाटक, राजस्थान की सरकार ने काम शुरू कर दिया है। एमपी में सरकार आते ही हम पहला काम जाति जनगणना का करेंगे। हम आदिवासी वर्ग को हिन्दुस्तान की हिस्सेदारी देना चाहते हैं। पहला कदम जाति जनगणना है।
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान भाजपा की तीखी आलोचना भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर नेताओं ने आदिवासियों का अपमान किया और उन्हें हाशिए पर धकेल दिया। आदिवासियों को इस देश में कितना हक मिलना चाहिए, ओबीसी, एससी, एसटी को कितना हक मिलना चाहिए, इसलिए हमने जाति जनगणना की बात की है और हम करवा के दिखाएंगे। पहले मोदी भाषणों में वनवासी कहते थे, मैंने कहा आप आदिवासियों का अपमान मत करो। अब वो वनवासी नहीं कहते अब आदिवासी कहते हैं, लेकिन दिल और दिमाग में वनवासी। हमारी नियत साफ है। दिल, दिमाग, मुंह, कर्मों से आदिवासी।
राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा सरकार ने धमकी देकर, डरा कर आपसे जमीन छीनी। जोबट, मंडला, डिंडौरी में आपने धरना दिया। कहा कि जमीन नहीं देना चाहते मगर हिंसा के साथ आपको हटाकर जो आपका (आदिवासी) है उसे छीना गया। मैं आपको गारंटी देता हूं जो आपका है आपको दे देंगे। जमीन का हक आपको दे देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा की प्रयोगशाला में उनके नेता आदिवासियों पर पेशाब करते हैं। जब आडवाणी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा-आरएसएस की प्रयोगशाला बनाई जाएगी तो उनका यही मतलब था। आडवाणी ने एक किताब लिखी है जिसमें उन्होंने कहा है कि बीजेपी-आरएसएस की मूल प्रयोगशाला गुजरात में नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश में है।
राहुल ने कहा कि, बीजेपी की लेबोरेटरी में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है और उनका पैसा चोरी किया जाता है। मध्यप्रदेश में महाकाल से चोरी की जाती है। बच्चों का मिड डे मील का पैसा मध्यप्रदेश में चोरी किया जाता है। व्यापमं में एक करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जाता है। पटवारी बनने के लिए 15 लाख की रिश्वत ली जाती है।
राहुल गांधी ने कहा कि, जाति जनगणना एक्स रे है। आदिवासी वर्ग को चोट लग रही है। ओबीसी वर्ग को चोट लग रही है। एक्स रे से उनकी स्थिति पता चलेगी। मैंने मोदी जी को चैलेंज दिया, देश का एक्स रे करा दो। कभी मोदी जी पाकिस्तान की बात करेंगे, कभी अफगानिस्तान की करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications