Khandwa News: एमपी दौरे पर आए पंजाब 'Aap' नेता नवदीप सिंह जिद्दा पर हमला, खंडवा में कार में तोड़फोड़, केस दर्ज
Khandwa News: पंजाब सरकार में शुगरफेड के चेयरमैन और राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त नवदीप सिंह जिद्दा पर कुछ तत्वों ने हमला कर दिया। यह घटना मध्य प्रदेश के खंडवा में हुई। उनकी कार में तोड़फोड़ की और उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। इस घटना से 'आप' कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हैं।
नवदीप सिंह जिद्दा के मुताबिक वह चुनावी तैयारियों के सिलसिले में बीते एक सप्ताह से खंडवा में ठहरे हुए हैं। शहर में पार्टी के एक कार्यक्रम से जब वह सिनेमा चौक स्थित होटल वापस लौटे तो थोड़ी देर बाद कुछ युवकों ने इनकी गाड़ी में हमला बोल दिया।
गाड़ी के शीशे तोड़कर हमलावर एक बैग में ले भागे, जिसमें जरुरी कागजात और उनके कपड़े भी थे। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जिद्दा जब तक बाहर निकले तब तक आरोपी भाग चुके थे। घटना की सूचना लगते ही बड़ी संख्या में 'आप' के स्थानीय नेता भी पहुंच गए। मौके पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू हो गई हैं।

इस घटना की नवदीप जिद्दा ने कोतवाली पुलिस थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई हैं। उनका कहना है कि वह जब से खंडवा आए हैं, तभी से कुछ तत्व उनकी रैकी भी करते दिखे। गनमैन के साथ कुछ विवाद भी किया। लेकिन उन्होंने सामान्य घटना समझकर उस वक्त पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। खंडवा के स्थानीय नेता दलजीत सिंह ने बताया कि पप्पी यादव और आकाश यादव सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की है। ये शहर के नामचीन गुंडे हैं।
घटना के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रशासन से नवदीप सिंह की सुरक्षा की मांग भी की। उधर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया हैं। साथ ही घटना स्थल के बाहर और आस-पास के मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस घटना को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के बाद मालूम किया जाएगा कि उन्होंने किस इरादे से इस घटना को अंजाम दिया।












Click it and Unblock the Notifications