VVIP कल्चर के जमाने में गांव की खाट बनेगी स्टेटस सिंबल, आदिवासियों से संवाद करने 165 खाट का इंतजाम
प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल और VVIP कल्चर के विपरीत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठेट देहाती परिवेश में खाट पर बैठकर आदिवासियों संग बतियाते नजर आएंगे। दरअसल एमपी के शहडोल के पकरिया गांव में मोदी का आदिवासी ग्रामीणों से संवाद कार्यक्रम रखा गया है। मोदी यहां ग्रामीण परिवेश की बैठक खटिया (चारपाई) पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इसके लिए खासतौर से 165 खाटों का इंतजाम किया गया है।
देश के प्रधानमंत्री शनिवार को मध्य प्रदेश में कुछ अलग ही अंदाज में नजर आएंगे। शहड़ोल संभाग के आदिवासियों के बीच पीएम मोदी बतियाएंगे। सबसे खास बात आदिवासियों से संवाद कार्यक्रम खुले आसमान के नीचे खाट पर बैठकर करेंगे। उनके साथ जितने भी ग्रामीण और वीवीआईपी होंगे, वे भी खाट पर ही बैठेंगे। यहां पीएम आदिवासियों संग जमीन पर बैठक पटली पर थाली रखकर भोजन करेंगे।

मध्य प्रदेश में बीते एक हफ्ते में पीएम नरेंद्र मोदी दूसरी दफा आ रहे हैं। बीते 27 जून को तेज बारिश के कारण उनका शहडोल दौरा स्थगित हो गया था। 1 जुलाई 2023 शनिवार को दोपहर में वे शहडोल पहुंचेंगे। पीएम के आगमन को लेकर पीएमओ से लेकर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं।

सबसे खास बात यह है कि पीएम मोदी यहां पर दो कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वे आदिवासी, जनजाति समूह के लोगों व स्व सहायता समूह के सदस्यों से सीधे रूबरू होकर संवाद करेंगे। खास बात यह है कि देश के पीएम यहां पर खटिया पर बैठक लोगों के बीच चर्चा करने जा रहे हैं। यहां पर आदिवासी समाज के सदस्यों के साथ उनका भोज कार्यक्रम भी है। जानकारी अनुसार वे यहां जमीन पर बैठकर पटली पर थाली रखकर भोजन करेंगे।
यह भी पढ़ेंः Prime Minister Narendra Modi: चुनाव से पहले MP में खास है मोदी का यह दौरा, मिलेंगी ये सौगातें
आम के पेड़ के नीचे पीएम की पंचायत लगेगी
जिला प्रशासन से दी गई जानकारी अनुसार पीएम मोदी और आदिवासियों व स्व सहायता समूहों के लोगों के साथ आसमान और आम के पेड़ के नीचे पीएम मोदी बैठेंगे। आसपास सुरक्षा के सारे इंतजाम किए गए हैं। जहां पंचायत होनी हैं वहां पर देशी स्टाइल में एक स्थाई दीवार भी बनाई गई है। इसमें छोटे-छोटे झरोखे भी बनाए गए हैं। आदिवासी संस्कृति की झलक यहां देखने को मिलेगी। पीएम यहां पर फुटबॉल क्रांति अभियान के सदस्यों से भी चर्चा करेंगे। उनके कार्यक्रम में यह शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications