पन्ना : छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवकों ने युवती की आंखों में डाला खतरनाक केमिकल
पन्ना, 23 सितम्बर। मध्य प्रदेश के पन्ना में सीएम के दौरे से दो दिन पहले एक युवती के साथ पिटाई व उसकी आंख में खतरनाक केमिकल डालने का मामला सामने आया है। फिलहाल पीड़िता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह खौफनाक घटना पन्ना जिले के पवई पुलिस थाना इलाके के बराहो गांव की है।

जानकारी के अनुसार बराहो गांव की पीड़ित युवती ने अपनी मां को बचपन में ही खो दिया था। परिवार के परिचितों ने पालन पोषण किया। युवती का आरोप है कि गांव के ही दो लोग उसे पकड़ कर ले गए।
पहले उसके साथ बदसलूकी की और फिर बुरी नियत से छेड़खानी करने लगे। जब उसने विरोध किया तो उसकी आंखों में एसिड जैसा कोई खतरनाक केमिकल डाल दिया। आरोपियों ने पीड़िता के भाई से भी मारपीट की। सूचना पाकर पुलिस ने युवती को चित्रकूट आई सेंटर भेजा।
वर्तमान में वह पन्ना के जिला अस्पताल के नेत्र वार्ड में भर्ती है। पन्ना जिला कलेक्टर संजय कुमार मिश्र और एसपी धर्मराज मीणा अस्पताल पहुंचे और युवती से पूरे मामले की जानकारी ली और उसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।












Click it and Unblock the Notifications