Gwalior: मंदिर को भी सताने लगा 2000 के नोट का डर, चस्पा किया अनोखा नोटिस, इंटरनेट पर हुआ Viral
8 नवंबर, 2016 का दिन तो लगभग सभी हिन्दुस्तानियों को याद होगा। इस दिन रात 8 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने एलान किया था कि 500 रुपये और 1,000 रुपये के नोट बंद किये जा रहे हैं। इस नोटबंदी के दौरान 500 और 1,000 रुपये के नोट की वैधता अचानक से खत्म कर दी गई थी, जिससे देशभर में हाहाकार मच गया था।
बाजार में अचानक करेंसी की शॉर्टेज होने लगी थी। एटीएम के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी थी। जिसके बाद 2,000 रुपये के नोट को मुख्य रूप से अर्थव्यवस्था में मुद्रा आवश्यकता को तेजी से पूरा करने के तौर पर पेश किया गया था। वहीं अब साल 2023 में RBI ने स्वच्छ नोट नीति और उपयोग में कमी का हवाला देते हुए 2,000 के नोट को भी वापस लेने का निर्णय किया है।

यानी एक तरह से यह कहा जा सकता है कि 2,000 रुपये के नोट बंद हो गए हैं। इसलिए जिस किसी के पास भी 2 हजार के नोट जमा हैं या रखें है वो बैंक में जाकर उन्हें बदल सकते हैं या जमा करा सकते हैं। गौरतलब है कि 2016 की नोटबंदी अचानक हुई थी, लेकिन 2,000 के नोट के साथ ऐसा नहीं किया गया है। इस बार लोगों को 23 मई से लेकर 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।

मंदिर में नोटिस चस्पा, दानपेटी में न डालें 2 हजार का नोट
इसी बीच मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 2000 के नोट से जुडी खबर सामने आई है। यहां आमजन के साथ-साथ मंदिरों को भी अपनी दान पेटी में आने वाले 2000 नोट की चिंता सता रही है। दरअसल, ग्वालियर के सुप्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में एक नोटिस चस्पा किया गया है। इस नोटिस में भक्तों से आग्रह किया गया है कि वे 25 और 26 तारीख के बाद मंदिर की दान पेटी में 2000 का नोट नहीं डालें। इसके साथ ही मंदिर द्वारा 30 तारीख से पहले ही दान पेटी खोलकर 2000 के नोट चेक किए जाएंगे और अगर नोट मिलते हैं तो उनको बैंकों में भेजा जाएगा।

मंदिर में लगे नोटिस में लिखा है कि "समस्त दानदाताओं को सूचित किया जाता है कि 2000 रुपए का नोट अगर आप दानपेटी में दान स्वरुप डाल रहे हैं तो 25-26 सितंबर 2023 की तारिख तक ही डालें। जिससे आपके दान का सदुपयोग हो सके, अन्यथा आपका दान बेकार जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications