MP Weather: बारिश-ओलावृष्टि से गेहूं-चना की फसल को भारी नुकसान, चिंता में किसान बेहाल; अभी और होगी बरसात
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में येलो और अलर्ट जारी किया है। तीन दर्जन से अधिक जिलों में तेज आंधी-बारिश के साथ जमकर ओले गिरेंगे।
भारी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं और चना की फसलों में बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। इससे फसल गिर गई हैं। कृषि विभाग ने नुकसान का आकलन करने के लिए टीम क्षेत्र में भेज दी हैं।लेकिन अभी और बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इससे नुकसान बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश में मंगलवार को राजधानी समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। वहीं कई जिलों में ओलावृष्टि हुई। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
आने वाले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 48 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत चंबल संभाग के जिले, श्योपुर, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल, नर्मदापुरम और सागर में जोरदार बारिश हुई. राजगढ़, बैतूल, खंडवा, नर्मदापुरम, पांढुर्ना, रायसेन, छतरपुर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी और बुरहानपुर जिलों में ओलावृष्टि देखी गई। इन जिलों में फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
आज कई जिलों में ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बैतूल, दतिया, सतना, मैहर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, शाजापुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा मंडला, बुरहानपुर, खंडवा, शिवपुरी, पन्ना, दमोह छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अनूपपुर और उमरिया जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। आंधी तूफान के साथ ही इन जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई हैं। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर, शिवपुरी, रीवा, मऊगंज, शहडोल, आगरमालवा, इंदौर उज्जैन, राजगढ़, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, हरदा, खरगोन, गुना, अशोकनगर और सागर जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं विदिशा, भोपाल, भिंड, मुरैना, बालाघाट, सिवनी, देवास, सिंगरौली, रायसेन, सीहोर और सीधी जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश राजगढ़ जिले की नरसिंहगढ़, सारंगपुर तहसील के कई गांवों में तेज हवा के साथ बारिश ओलावृष्टि हुई है। वहीं तलेन के आसपास गांव में ओले गिरे हैं।
जिससे किसने की फसलों को भारी नुकसान हुआ। फसलों को भारी नुकसान को देखते हुए मंत्री गौतम टेटवाल ने ओलावृष्टि से फसल नुकसान का सर्वे कर, कृषकों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश कलेक्टर राजगढ़ को दिये हैं।
मध्यप्रदेश के हरदा जिले में प्रदेश के अन्य जिलों की तरह बारिश और ओला वृष्टि के कारण चना-गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications